टेक्सास में तूफान और फ्लैश फ्लड का कहर: 43 की मौत, समर कैंप की 23 बच्चियां लापता
शुक्रवार सुबह टेक्सास के केर काउंटी में एक भीषण तूफान के बाद आई अचानक बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। ग्वाडालूप नदी का जलस्तर मात्र 45 मिनट में 26 फीट तक बढ़ गया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 9 बच्चों सहित 43 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 27 लोग अभी भी लापता हैं। लापता लोगों में समर कैंप में भाग ले रहीं 23 बच्चियां भी शामिल हैं।
समर कैंप बना त्रासदी का केंद्र
करीब 750 बच्चों का एक दल नदी किनारे कैंपिंग कर रहा था जब यह बाढ़ आई। तेज बारिश और बाढ़ के कारण कई बच्चों और कर्मियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, लेकिन कई अब भी लापता हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
राहत और बचाव कार्य जारी
बचाव अभियान ज़ोरों पर है। नौकाओं, हेलीकॉप्टरों और ड्रोन की मदद से 800 से अधिक लोगों को अब तक सुरक्षित निकाला जा चुका है। कई लोगों को पेड़ों पर फंसे होने के बाद सुरक्षित निकाला गया।
राष्ट्रपति ट्रंप ने दिया राहत का भरोसा
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस आपदा को “भयानक” बताते हुए संघीय सहायता देने का भरोसा जताया है। उन्होंने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रशासन हरसंभव मदद करेगा।
फ्लैश फ्लड इमरजेंसी घोषित
अमेरिकी नेशनल वेदर सर्विस ने केर काउंटी के कई हिस्सों में फ्लैश फ्लड इमरजेंसी घोषित कर दी है। मौसम विज्ञानी जेसन रनयेन ने चेतावनी दी है कि अभी और बारिश की आशंका बनी हुई है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।
लापता लोगों की तलाश जारी
ग्वाडालूप नदी के आसपास के क्षेत्र में खोज अभियान जारी है। नौ बचाव दल, 14 हेलीकॉप्टर और 12 ड्रोन इस ऑपरेशन में लगे हुए हैं। सोशल मीडिया और स्थानीय अधिकारियों के पेजों पर लोग अपने लापता परिजनों की तस्वीरें पोस्ट कर रहे हैं और मदद की गुहार लगा रहे हैं।
Comments are closed.