ईरान के सर्वोच्च नेता Ayatollah Ali Khamenei की मौत के विरोध में दिल्ली के कई हिस्सों में शिया समुदाय द्वारा प्रदर्शन किए गए।
राजधानी में जंतर-मंतर से लेकर जोरबाग, ओखला और अन्य इलाकों में लोगों ने इकट्ठा होकर अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारेबाजी की और खामेनेई को श्रद्धांजलि दी।
जंतर-मंतर पर जुटी भीड़
सबसे पहले जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। प्रदर्शन में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भी भागीदारी रही। लोगों ने पोस्टर और बैनर के जरिए अपना विरोध दर्ज कराया और खामेनेई की हत्या की निंदा की।
जोरबाग और ओखला में मार्च
जंतर-मंतर के बाद जोरबाग स्थित दरगाह शाह-ए-मर्दा इलाके में इफ्तार के बाद कैंडल मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने करीब दो किलोमीटर तक मोमबत्तियां जलाकर मार्च किया। ओखला के जामिया क्षेत्र में भी सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे और विरोध प्रदर्शन किया।
ईरान कल्चर हाउस में श्रद्धांजलि सभा
दिल्ली स्थित ईरान कल्चर हाउस में भी बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। यहां खामेनेई को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में भारत में ईरान के प्रतिनिधि और समुदाय के धार्मिक नेताओं ने संबोधन किया। वक्ताओं ने खामेनेई के योगदान को याद करते हुए शोक व्यक्त किया। सभा के दौरान लोगों ने कैंडल जलाकर एकजुटता दिखाई।
काले कपड़ों में विरोध, सरकार से मांग
प्रदर्शन में शामिल कई लोगों ने शोक के प्रतीक के रूप में काले कपड़े पहने थे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मांग की कि इस मामले में सख्त रुख अपनाया जाए और जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पंजाब और उत्तराखंड समेत कई राज्यों से भी विरोध प्रदर्शन की खबरें सामने आई हैं।
Comments are closed.