“दमघोंटू दिल्ली: AQI 400 पार, हवा में घुलता जहर जारी”

1

दिल्ली की हवा जहरीली, AQI लगातार 400 के करीब

दिल्ली की ठंडी सुबह अब सिर्फ ठंडक नहीं, बल्कि जहरीली हवा का बोझ भी लेकर आ रही है। शहर में घना स्मॉग और कोहरा अब सिर्फ कोहरा नहीं, बल्कि प्रदूषण का जाल बन चुका है, जो हर सांस के साथ शरीर में प्रवेश कर रहा है। राजधानी की वायु गुणवत्ता का हाल देखने के लिए AQI ऐप खोलें तो लाल रंग में चेतावनी—“Very Poor”—साफ नजर आती है।

22 दिसंबर की सुबह 6:05 बजे का अपडेट बताता है कि दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 366 पर है, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। पिछले तीन दिनों के आंकड़े भी चिंताजनक रहे—19 दिसंबर को 374, 20 दिसंबर को 398 और 21 दिसंबर को 377। यह साफ संकेत है कि हालात सुधरने के बजाय बिगड़ रहे हैं।

उत्तर भारत में कोहरे और स्मॉग का असर
घना स्मॉग, कड़ाके की ठंड और कोहरे ने उत्तर भारत के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है। दिल्ली की खराब होती हवा ने लोगों की सेहत पर फिर से चिंता बढ़ा दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए हालात खतरनाक हैं। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का AQI रात 11 बजे तक बढ़कर 410 तक पहुंच गया, जो सीधे ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

आगामी दिनों में क्या रहेगा हाल
उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में घने कोहरे का संकट अगले एक हफ्ते तक बना रहेगा। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कोल्ड डे कंडीशंस अगले दो दिन तक बनी रहेंगी। भारत मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट और 10 से अधिक राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने से बहुत घने कोहरे का संकट 23 दिसंबर तक रहेगा। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में येलो अलर्ट है, जबकि 25 से 28 दिसंबर के बीच इन क्षेत्रों में कोहरे का खतरा बढ़ सकता है।

दिल्ली में 23 और 24 दिसंबर को हवाओं की रफ्तार 15-25 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। जब हवा तेज होगी, प्रदूषण का स्तर कम होगा और विजिबिलिटी बेहतर होगी। राजधानी में न्यूनतम तापमान 8–10 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान दिन में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

दिल्ली में आज कहां सबसे जहरीली हवा

इलाका एक्यूआई
नरेला 418
बवाना 408
आनंद विहार 402
वजीरपुर 403
जहांगीरपुरी 400
रोहिणी 400
सिरीफोर्ट 390
अशोक विहार 390
नेहरू नगर 393
अलीपुर 392

Comments are closed.