राजस्थान में आग उगल रहा सूरज, MP और पंजाब में भी तपती गर्मी से लोगों का बुरा हाल; जानिए IMD का ताजा अपडेट

0 71

मौसम ने अपनी तपिश दिखानी शुरु कर दी है। तेज गर्मी और लू के कारण लोगों का बुरा हाल है।

दिल्ली सहित अन्य राज्यों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मंगलवार को सबसे अधिक तापमान राजस्थान में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद मध्य प्रदेश और पंजाब में रिकार्ड किया गया। देश के मैदानी क्षेत्र के सबसे गर्म शहरों में दमोह पांचवें नंबर पर रहा।

दमोह में 44.8 डिग्री सेल्सियस और पंजाब में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री पहुंच गया। पंजाब का लुधियाना सबसे गर्म रहा। दिल्ली का अधिकतम तापमान 42 डिग्री पर पहुंच गया। नजफगढ़ दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा, यहां का तापमान 43.9 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि हवाओं का रुख दक्षिणी होने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।

राजस्थान के बाड़मेर में पारा 45 के पार
राजस्थान के बाड़मेर में पारा 45.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं फलौदी, जैसलमेर और श्रीगंगानगर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जयपुर में 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिन कुछ प्रमुख शहरों सहित डेढ़ दर्जन जिलों में गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई है। पंजाब में भीषण गर्मी ने हाल बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री पर पहुंचा, लुधियाना सबसे गर्म रहा। यहां पर अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

IMD ने इन राज्यों के लिए की भविष्यवाणी
अमृतसर, फरीदकोट, बरनाला व फिरोजपुर में भी अधिकतम तापमान 41 और गुरदासपुर, जालंधर, रोपड़ व पटियाला में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार कई शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता हैं।

मध्य प्रदेश में गर्म हवाओं के थपेड़ों ने बढ़ाई परेशानी
मध्य प्रदेश में गर्म हवाओं के थपेड़ों ने परेशानी बढ़ाई। दमोह में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान इस सीजन का दिन का सबसे अधिक है। प्रदेश के 18 शहरों में अधिकतम तापमान 42 से 44.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। हरियाणा का सिरसा मंगलवार को प्रदेश भर में सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव के साथ ही अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर चल रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.