दिवाली से पहले बढ़ी सर्दी की आहट: हिमाचल से दिल्ली तक तापमान में गिरावट

2

उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी ने मौसम का मिजाज बदल दिया है।

केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली, हेमकुंड साहिब और मुनस्यारी सहित गढ़वाल-कुमाऊं क्षेत्र की ऊंची चोटियों पर लगातार बर्फ गिर रही है, जिससे तापमान तेजी से नीचे आया है। पहाड़ों पर लोग अब गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति जिलों में भी ताजा बर्फबारी के कारण शीतलहर का असर दिखने लगा है, जबकि मनाली-लेह मार्ग बर्फ जमने से अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को पहली बार पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया, जो सर्दियों की आहट का संकेत है। रविवार को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 1.4 और 3.9 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए साफ आसमान का अनुमान जताया है, जबकि अधिकतम तापमान 31–32 डिग्री और न्यूनतम 19–20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

इस बीच, दक्षिण भारत में केरल के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अरब सागर पर बने चक्रवाती क्षेत्र के प्रभाव से 11 से 15 अक्टूबर तक राज्य में तेज वर्षा और हवाएं चलने की संभावना है। पत्तनमतिट्टा, इडुक्की, पालक्काड, मलप्पुरम और वायनाड में 12 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने कई जिलों में येलो अलर्ट घोषित करते हुए भूस्खलन और अचानक बाढ़ के जोखिम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

Comments are closed.