पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर तनाव चरम पर पहुंच गया है। अफगान सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के 58 सैनिक मारे गए हैं, जबकि 30 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं।
यह झड़प बेहरामपुर जिले के पास हुई, जिसके बाद तालिबान ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है। तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा है कि “हमारी जमीन पर हुए हर हमले का जवाब दिया जाएगा।”
मुजाहिद ने पाकिस्तान पर आईएसआईएस आतंकियों को शरण देने का आरोप लगाते हुए कहा, “पाकिस्तान ने अपनी धरती पर आईएसआईएस की मौजूदगी को नजरअंदाज किया है। अफगानिस्तान को अपने हवाई और जमीनी सीमाओं की रक्षा का पूरा अधिकार है। अगर पाकिस्तान ने सीमा पार से हमले जारी रखे, तो हम भी वैसा ही जवाब देंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान अपने यहां छिपे आईएसआईएस के प्रमुख सदस्यों को देश से बाहर निकाले या उन्हें अफगानिस्तान के हवाले करे।
तालिबान के अनुसार, इस्लामिक अमीरात ने अफगान सीमा से अशांति फैलाने वालों को हटा दिया है, लेकिन अब पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आईएसआईएस ने नए ट्रेनिंग सेंटर स्थापित कर लिए हैं। “इन केंद्रों में भर्ती किए गए लोगों को कराची और इस्लामाबाद हवाई अड्डों के माध्यम से लाया जाता है, जहां से अफगानिस्तान पर हमलों की साजिश रची जाती है,” मुजाहिद ने कहा।
तालिबान ने इन हमलों को आत्मरक्षा बताया है। मुजाहिद के मुताबिक, झड़पों में अफगान बलों के 20 से अधिक जवान भी मारे गए या घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए किसी भी स्तर तक जाने को तैयार है। “हमारी जमीन या हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने वालों को कठोर जवाब दिया जाएगा,” उन्होंने चेतावनी दी।
Comments are closed.