INDIA गठबंधन की बैठक आज, विपक्षी एकजुटता और भविष्य की रणनीति पर होगी चर्चा
पांच राज्यों के हालिया विधानसभा चुनावों के बाद बदले राजनीतिक परिदृश्य के बीच विपक्षी INDIA गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को नई दिल्ली में होने जा रही है। बैठक में 23 विपक्षी दलों के शामिल होने की संभावना है, जबकि कुछ सहयोगी दलों ने इसमें शामिल न होने की जानकारी दी है।
कांग्रेस के अनुसार, बैठक में NEET-UG परीक्षा विवाद, CBSE के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम से जुड़े मुद्दे, महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी और अन्य राष्ट्रीय विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही विपक्षी दल संसद और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर साझा रणनीति पर भी विचार-विमर्श करेंगे।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि बैठक दोपहर 12 बजे नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होगी। उन्होंने कहा कि कुछ दल अपने-अपने कारणों से बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे, लेकिन वे केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विपक्ष के व्यापक रुख से सहमत हैं।
बैठक ऐसे समय में हो रही है जब विपक्षी गठबंधन के भीतर कुछ राज्यों में बदले राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा तेज है। तमिलनाडु की सत्तारूढ़ DMK ने बैठक में शामिल नहीं होने का फैसला किया है, जिसे राजनीतिक हलकों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं केरल में कांग्रेस और वाम दलों के बीच हाल के चुनावी मुकाबलों के बाद रिश्तों में आई तल्खी भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
इसके बावजूद कांग्रेस का दावा है कि INDIA गठबंधन राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट है और विभिन्न विचारधाराओं वाले दल साझा मुद्दों पर साथ खड़े हैं। तृणमूल कांग्रेस ने भी बैठक में भाग लेने की पुष्टि की है। पार्टी नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा कि विपक्षी दल साझा उद्देश्यों और सहयोग की भावना के साथ बैठक में हिस्सा लेंगे।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में केवल मौजूदा राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा ही नहीं होगी, बल्कि विपक्षी दल 2029 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक रणनीति पर भी विचार कर सकते हैं। गठबंधन के प्रमुख दलों का मानना है कि बदलते राजनीतिक हालात में विपक्षी एकजुटता बनाए रखना और साझा एजेंडा तय करना अहम होगा।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों की नजर इस बात पर भी रहेगी कि गठबंधन के भीतर हालिया मतभेदों के बावजूद विपक्षी दल किस हद तक एकजुटता का संदेश देने में सफल होते हैं।
Comments are closed.