मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव: अमेरिकी हमलों के बाद ईरान का बड़ा कदम, होर्मुज जलडमरूमध्य बंद

0

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने बुधवार को ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर नए हमले किए।

अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में इस सैन्य कार्रवाई की पुष्टि की। CENTCOM के अनुसार, यह अभियान ईरान की लगातार आक्रामक गतिविधियों के जवाब में चलाया गया। अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि हाल ही में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में गश्त कर रहे अमेरिकी AH-64 अपाचे हेलिकॉप्टर को निशाना बनाए जाने के बाद आत्मरक्षा के तहत यह कार्रवाई की गई।

अमेरिकी केंद्रीय कमान ने कहा कि हमले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर किए जा रहे हैं और इनका उद्देश्य अमेरिकी बलों तथा क्षेत्रीय हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

वहीं, अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने गुरुवार को होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की घोषणा की। ईरानी अधिकारियों ने चेतावनी दी कि इस रणनीतिक समुद्री मार्ग से गुजरने की कोशिश करने वाले किसी भी जहाज के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक माना जाता है। इसके बंद होने की आशंका से वैश्विक ऊर्जा बाजार और समुद्री व्यापार पर असर पड़ सकता है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते टकराव के चलते क्षेत्र में तनाव लगातार गहरा रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।

Comments are closed.