हिमालयी क्षेत्रों में मौसम फिर सक्रिय होने वाला है। भारत मौसम विभाग के मुताबिक, दो पश्चिमी विक्षोभ 26-28 फरवरी और 2-3 मार्च के बीच सक्रिय रहेंगे, जिससे पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में इसका असर कम रहेगा।
जम्मू-कश्मीर में 26-27 फरवरी, हिमाचल प्रदेश में 27-28 फरवरी और उत्तराखंड में इसी दौरान हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पंजाब और हिमाचल के कुछ हिस्सों में 26 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में तेजी से वृद्धि होगी। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान 3-5 डिग्री बढ़ सकता है। दिल्ली में 27 फरवरी को अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री और 3 मार्च को होली से पहले 34 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान भी 15-17 डिग्री के बीच रहेगा। आसमान ज्यादातर साफ रहेगा, लेकिन सुबह हल्की धुंध देखने को मिल सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फरवरी में पश्चिमी विक्षोभों की संख्या कम और सक्रियता सीमित रही, जिससे उत्तर भारत में बारिश कम हुई और तापमान तेजी से बढ़ा।
दक्षिण भारत में भी बारिश के आसार हैं। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30-40 किमी/घंटा की हवाओं की संभावना है। हिमालयी क्षेत्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कर्नाटक और तेलंगाना में 26 फरवरी को बारिश की उम्मीद जताई गई है।
Comments are closed.