वेनेजुएला पर सैन्य कार्रवाई के महज दो हफ्ते के भीतर अमेरिका ने इस दक्षिण अमेरिकी देश से तेल निकालकर उसकी बिक्री शुरू कर दी है।
पहली खेप के तौर पर अमेरिका ने करीब 50 करोड़ डॉलर मूल्य का वेनेजुएला का तेल बेचा है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस बिक्री से होने वाली राशि अमेरिकी सरकार के नियंत्रण वाले बैंक खातों में जमा की गई है। यह घटनाक्रम वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के 11 दिन बाद सामने आया है। अमेरिका ने 3 जनवरी को सैन्य अभियान चलाकर मादुरो को हिरासत में लिया था। इसके बाद उनके कार्यकाल में उपराष्ट्रपति रहीं डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई।
अमेरिका करेगा वेनेजुएला का संचालन: ट्रंप
न्यूयॉर्क स्थित न्यूज आउटलेट सेमाफोर की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका आने वाले वर्षों तक वेनेजुएला का संचालन करेगा और उसके विशाल तेल भंडार से तेल निकालेगा। रिपोर्ट में ट्रंप प्रशासन के हवाले से बताया गया है कि तेल बिक्री से हासिल राजस्व को अमेरिकी सरकार द्वारा नियंत्रित खातों में रखा जा रहा है।
एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के मुताबिक, इन खातों में से मुख्य खाता कतर में स्थित है। वहीं, व्हाइट हाउस की प्रवक्ता टेलर रोजर्स ने बयान जारी कर कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप ने मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला के साथ एक ऐतिहासिक ऊर्जा समझौता किया है। यह सौदा अमेरिका और वेनेजुएला—दोनों देशों के लोगों के हित में है।”
वेनेजुएला से जुड़ा एक और टैंकर जब्त
रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिका ने वेनेजुएला से जुड़े एक और तेल टैंकर को जब्त किया है। यह कार्रवाई वेनेजुएला के तेल निर्यात पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। मध्य दिसंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक छह टैंकरों को निशाना बनाया जा चुका है।
इस टैंकर पर गुयाना का झंडा लगा हुआ था। अमेरिकी सेना की साउदर्न कमांड ने एक बयान में बताया कि कैरेबियाई क्षेत्र में ‘वेरोनिका’ नाम के इस टैंकर को अमेरिकी बलों ने अपने कब्जे में लिया है। यह कार्रवाई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो की प्रस्तावित मुलाकात से ठीक पहले की गई।
Comments are closed.