ट्रंप का भारत समेत 14 व्यापारिक साझेदारों पर टैरिफ का नया दांव, ट्रेड डील होने पर भारत को मिलेगी 17% की राहत
अमेरिका का भारत समेत 14 देशों पर नए टैरिफ का प्रस्ताव, भारतीय निर्यात पर 17% अतिरिक्त शुल्क की तैयारी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने भारत समेत 14 देशों के खिलाफ नए आयात शुल्क लगाने का प्रस्ताव पेश किया है। इस प्रस्ताव के तहत भारतीय उत्पादों पर 17 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है। हालांकि, भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता (BTA) नहीं होने की स्थिति में यह शुल्क बढ़कर 25 फीसदी तक पहुंच सकता है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने बुधवार को सेक्शन 301 के तहत की गई जांच के आधार पर यह प्रस्ताव सामने रखा। अमेरिकी पक्ष ने संबंधित देशों पर विभिन्न क्षेत्रों में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता बनाए रखने का आरोप लगाया है। प्रस्ताव में 14 देशों के उत्पादों पर 15 से 20 फीसदी तक अतिरिक्त शुल्क लगाने की बात कही गई है। अलग-अलग देशों के लिए उनकी आर्थिक स्थिति और व्यापार नीतियों के आधार पर टैरिफ की दर तय की गई है।
भारत को 17 फीसदी टैरिफ का प्रस्ताव
प्रस्तावित व्यवस्था में अधिकांश विकासशील देशों को 18 फीसदी टैरिफ वाले समूह में रखा गया है, जबकि भारत के लिए 17 फीसदी की दर प्रस्तावित की गई है। हालांकि, इस रियायत को द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण पर समयसीमा के भीतर हस्ताक्षर होने की शर्त से जोड़ा गया है।
अमेरिकी प्रस्ताव पर 25 जनवरी 2027 को सुनवाई निर्धारित है। इसके बाद प्रक्रिया पूरी होने पर फरवरी में नए टैरिफ लागू किए जा सकते हैं। ऐसे में भारत और अमेरिका के बीच जारी व्यापार वार्ता का इस फैसले पर महत्वपूर्ण असर पड़ सकता है।
फार्मा और मोबाइल निर्यात को राहत
प्रस्तावित अतिरिक्त शुल्क के दायरे से भारतीय फार्मास्युटिकल उत्पादों और मोबाइल फोन के निर्यात को बाहर रखा गया है। इससे इन दोनों प्रमुख निर्यात क्षेत्रों को संभावित टैरिफ बढ़ोतरी से राहत मिल सकती है।
अमेरिकी जांच रिपोर्ट में भारत की प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजनाओं, आत्मनिर्भर भारत अभियान और स्टील, सौर ऊर्जा, स्वास्थ्य तथा सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) से जुड़ी नीतियों का भी उल्लेख किया गया है।
भारत ने अतिरिक्त उत्पादन क्षमता के आरोपों को नकारा
भारत सरकार ने अमेरिकी पक्ष की ओर से लगाए गए अतिरिक्त उत्पादन क्षमता के आरोपों को खारिज किया है। सरकार का कहना है कि दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत कर रहे हैं और व्यापार से संबंधित सभी मुद्दों का समाधान इसी बातचीत के दायरे में किया जाना चाहिए।
भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय की ओर से जारी नोटिस की समीक्षा कर रही है। अब निगाहें दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता और प्रस्तावित टैरिफ की अंतिम शर्तों पर टिकी हैं।
Comments are closed.