यूक्रेन का रूस पर बड़ा मिसाइल हमला, 900 किमी अंदर रॉकेट सेंटर को बनाया निशाना

0

रूस के भीतर यूक्रेन का बड़ा हमला, 900 किमी दूर रॉकेट सेंटर और सैन्य एयरबेस को बनाया निशाना

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में अब दोनों देश एक-दूसरे के रणनीतिक और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने पर जोर दे रहे हैं। इसी कड़ी में यूक्रेन ने शनिवार को रूस के अंदर करीब 900 किलोमीटर तक हमला करने का दावा किया। यूक्रेन के मुताबिक, उसने रूस के समारा क्षेत्र में एक रॉकेट सेंटर और एक सैन्य हवाई पट्टी को निशाना बनाया।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया कि फ्लैमिंगो क्रूज मिसाइलों की मदद से समारा स्थित रूसी रॉकेट सेंटर पर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन रूस की सैन्य क्षमता को कमजोर करने के प्रयास कर रहा है और इसका उद्देश्य युद्ध को खत्म करने के लिए दबाव बनाना है।

फ्लैमिंगो यूक्रेन में विकसित की गई क्रूज मिसाइल है। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, इसका विकास युद्ध के दौरान किया गया था और अब इसका इस्तेमाल रूस के भीतर स्थित लक्ष्यों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है।

रूसी सैन्य एयरबेस पर भी हमला

यूक्रेनी सेना ने रूस के निजनी क्षेत्र में एक सैन्य हवाई पट्टी पर भी हमले का दावा किया है। यूक्रेन के अनुसार, इस एयरबेस से रूसी लड़ाकू विमान उड़ान भरकर यूक्रेन में हमले करते थे। यूक्रेनी सेना ने दावा किया कि दोनों स्थानों पर हमलों के बाद आग लग गई।

यूक्रेन के लिए रूस के भीतर लंबी दूरी तक हमला करने की क्षमता इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वह रूसी सैन्य ढांचे और लॉजिस्टिक नेटवर्क को सीधे निशाना बनाना चाहता है।

Starlink के विकल्प से जुड़े केंद्र को बनाया निशाना

यूक्रेन के दावे के मुताबिक, समारा में जिस रूसी रॉकेट सेंटर को निशाना बनाया गया, वह स्पेसएक्स की Starlink सेवा जैसे सैटेलाइट नेटवर्क का विकल्प विकसित करने की दिशा में काम कर रहा था।

एलन मस्क की कंपनी SpaceX की Starlink सेवा युद्ध के दौरान यूक्रेनी सेना के लिए संचार का अहम माध्यम बनी हुई है। इसका इस्तेमाल ड्रोन अभियानों और युद्धक्षेत्र में सैन्य संचार के लिए भी किया जाता है।

रूस ने हमले के दावे पर क्या कहा?

समारा में रूसी अधिकारियों ने दावा किया कि एयर डिफेंस सिस्टम ने यूक्रेनी मिसाइल हमले को विफल कर दिया। क्षेत्रीय गवर्नर ने भी एक अज्ञात औद्योगिक इकाई को निशाना बनाए जाने की जानकारी दी, लेकिन यूक्रेन के बताए रॉकेट सेंटर की सीधे तौर पर पुष्टि नहीं की।

वहीं, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी सेना ने यूक्रेन की ईंधन, ऊर्जा और परिवहन सुविधाओं को निशाना बनाया। रूस के अनुसार, इन ठिकानों का इस्तेमाल यूक्रेनी सेना की गतिविधियों में किया जा रहा था। रूसी हमलों में चर्निहीव शहर भी प्रमुख निशानों में शामिल रहा।

Comments are closed.