UP Weather: बारिश-आंधी का कहर, 60 घंटे में 56 मौतें; 1000 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त

0

UP Weather: भारी बारिश और आंधी-तूफान से तबाही, 60 घंटे में 56 मौतें; 1,021 मकान क्षतिग्रस्त

उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी भारी बारिश और खराब मौसम के बीच कई जिलों में राहत एवं बचाव अभियान जारी है। राज्य में अतिवृष्टि और आंधी-तूफान से पिछले 60 घंटों में 56 लोगों की मौत हुई है, जबकि 46 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस दौरान 107 पशुओं की भी मौत हुई और 1,021 मकानों को नुकसान पहुंचा है।

राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने रविवार को प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों और अपर जिलाधिकारियों से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को तत्काल जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सामान्य से 775 फीसदी ज्यादा बारिश

राहत आयुक्त के मुताबिक, 25 सितंबर से 27 सितंबर की सुबह तक उत्तर प्रदेश में 66.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में सामान्य वर्षा 7.6 मिलीमीटर होती है। यानी राज्य में सामान्य से करीब 775 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।

प्रदेश के 75 जिलों में से 56 जिलों में अत्यधिक बारिश दर्ज की गई है। इनमें फर्रूखाबाद में सामान्य से 7,385 फीसदी, कन्नौज में 5,664 फीसदी, शाहजहांपुर में 4,408 फीसदी, हमीरपुर में 4,240 फीसदी और महोबा में 4,100 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई।

इन जिलों में सबसे ज्यादा जनहानि

पिछले 60 घंटों में हुई 56 मौतों में सीतापुर में सात, जबकि लखीमपुर खीरी, बहराइच और बलरामपुर में पांच-पांच मौतें दर्ज की गई हैं। वहीं अयोध्या और गोरखपुर में चार-चार लोगों की मौत की सूचना है।

प्रशासन के मुताबिक, खराब मौसम और आंधी-तूफान के कारण कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं।

हरदोई में सबसे ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त

मकानों को हुए नुकसान के मामले में हरदोई सबसे आगे है, जहां 272 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। इसके बाद सीतापुर में 108, चंदौली में 75, औरैया में 60, गोंडा में 54, हमीरपुर में 51, शाहजहांपुर में 47 और बहराइच में 44 मकानों को नुकसान पहुंचा है।

राहत आयुक्त ने जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी समस्याएं जानने और जरूरत के मुताबिक तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Comments are closed.