बैंक ग्राहकों के लिए राहत! 3 दिन की हड़ताल टली, आज खुले रहेंगे बैंक

0

Bank Strike Postponed: ग्राहकों को राहत, 28-30 सितंबर को खुले रहेंगे बैंक; जानें क्यों टली हड़ताल

बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल को टाल दिया है। ऐसे में सोमवार से बुधवार तक देशभर में बैंक शाखाएं सामान्य रूप से काम करेंगी।

हड़ताल टलने से उन ग्राहकों को राहत मिलेगी, जिन्हें इन दिनों बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम निपटाने थे। यह अवधि बैंकों के लिए छमाही क्लोजिंग के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।

बैंक यूनियनों ने क्यों टाली हड़ताल?

बैंक यूनियनों ने रविवार को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ हुई बातचीत के बाद हड़ताल स्थगित करने का फैसला किया। यूनियनों को उनकी प्रमुख मांगों पर आगे बातचीत का भरोसा मिलने के बाद यह निर्णय लिया गया।

UFBU ने पहले 28 सितंबर से तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया था। यूनियनों की प्रमुख मांगों में लंबे समय से लंबित पांच दिवसीय बैंकिंग वीक लागू करना शामिल है।

UFBU ने कहा कि लंबित मुद्दों पर मिले आश्वासन के बाद उसने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और हड़ताल को फिलहाल टालने पर सहमति जताई है।

पांच दिन के बैंकिंग वीक पर बनेगी हाई-लेवल कमेटी

IBA और UFBU के बीच सहमति के अनुसार, सभी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने की मांग पर विचार के लिए दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों वाली एक हाई-लेवल कमेटी बनाई जाएगी।

PTI के मुताबिक, यह कमेटी इस मुद्दे से जुड़े सभी विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद ऐसा समाधान तलाशेगी, जिसे बैंकिंग क्षेत्र के हितधारकों और ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाया जा सके।

PLI स्कीम पर भी होगी बातचीत

बैठक में स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू Performance Linked Incentive (PLI) स्कीम का मुद्दा भी उठाया गया।

UFBU के अनुसार, PLI स्कीम में संभावित बदलावों को लेकर IBA के साथ बातचीत की जाएगी। इसके बाद यूनियनों और बैंक अधिकारी संगठनों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखा जा सकता है।

इसके अलावा, 8 मार्च 2024 की बैठक के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी IBA और UFBU के बीच बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी है, ताकि उन्हें जल्द सुलझाया जा सके।

यूनियनों ने पहले क्या कहा था?

इससे पहले UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया था। हड़ताल की आशंका को देखते हुए कई बैंकों ने ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग काम पहले ही पूरा करने की सलाह दी थी।

UFBU हिमाचल प्रदेश के कन्वीनर और बैंकर्स यूनाइटेड फोरम ऑफ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने कहा था कि यूनियनों को विरोध का रास्ता इसलिए अपनाना पड़ा क्योंकि सरकार के साथ हुए समझौते में किए गए कुछ वादे लंबे समय बाद भी लागू नहीं हुए हैं।

इस हफ्ते किन दिनों खुले रहेंगे बैंक?

हड़ताल स्थगित होने के बाद 28, 29 और 30 सितंबर को बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।

इसके बाद 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के कारण बैंक बंद रहेंगे। वहीं 3 अक्टूबर को पहला शनिवार होने के कारण बैंक सामान्य रूप से खुलेंगे।

अक्टूबर में त्योहारों के कारण अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों में बैंक की छुट्टियां अलग हो सकती हैं। इसलिए किसी शाखा में जाने से पहले ग्राहक अपने राज्य के अनुसार बैंक हॉलिडे कैलेंडर जरूर देख लें।

Comments are closed.