LPU में बवाल के बाद बड़ा एक्शन, 10 दिन बंद रहेंगी क्लासेज; वॉकी-टॉकी के साथ 5 गिरफ्तार

0

LPU Protest: छात्रा से रेप के दावे के बाद उग्र प्रदर्शन, 10 दिन बंद रहेंगी रेगुलर क्लासेज; 5 गिरफ्तार

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) की एक छात्रा से कथित रेप के दावे के बाद शुरू हुआ छात्रों का विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने करीब 20 घंटे तक जालंधर-फगवाड़ा हाईवे को जाम रखा, जिससे इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।

ताजा जानकारी के मुताबिक, अब स्थिति नियंत्रण में है और LPU के छात्र धीरे-धीरे अपने घरों के लिए रवाना हो रहे हैं। बढ़ते विरोध को देखते हुए विश्वविद्यालय ने अगले 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र कैंपस छोड़कर घर लौटते नजर आए।

बच्चों को लेने यूनिवर्सिटी पहुंचे माता-पिता

स्थिति बिगड़ने के बाद कई छात्रों के माता-पिता उन्हें लेने के लिए विश्वविद्यालय पहुंचे। यूनिवर्सिटी के बाहर छात्रों की भीड़ अपने सामान के साथ परिजनों के साथ घर जाती दिखाई दी।

5 युवक गिरफ्तार, वॉकी-टॉकी और हथियार बरामद

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। 27वीं बटालियन की कमांडेंट गुरमीत कौर के मुताबिक, गिरफ्तार युवकों के पास से एक दरांती/हंसिया जैसा हथियार और एक वॉकी-टॉकी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, इन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वे कहां से आए थे और प्रदर्शन में उनकी क्या भूमिका थी। पुलिस उनकी पहचान और घटनाक्रम में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

प्रदर्शन की शुरुआत छात्रा से कथित रेप के दावे को लेकर हुई थी। मामले से जुड़े आरोपों और घटनाक्रम की जांच जारी है।

Comments are closed.