अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के लिए इस्लामाबाद में होने वाली दूसरे दौर की वार्ता से ठीक पहले तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है।
हालात ऐसे बन गए हैं कि बातचीत शुरू होने से पहले ही उसके विफल होने की आशंका जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में नाकेबंदी तोड़ने का आरोप लगाते हुए ‘तौस्का’ नाम के ईरानी कार्गो जहाज पर हमला किया और उसे अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद ईरान की संयुक्त सैन्य कमान खातम अल-अंबिया ने अमेरिका पर ओमान की खाड़ी में ईरानी वाणिज्यिक जहाजों पर गोलीबारी कर युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। साथ ही ईरान ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
अल जजीरा ने ईरानी मीडिया का हवाला देते हुए बताया कि ओमान सागर में एक ईरानी जहाज पर हमले के बाद ईरानी बलों ने अमेरिकी युद्धपोतों की ओर ड्रोन लॉन्च किए हैं.
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, जहाज चीन से ईरान की ओर जा रहा था। खातम अल-अंबिया के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिकी कार्रवाई “सशस्त्र डकैती” है और इसके खिलाफ जल्द ही जवाब दिया जाएगा।
इस बीच खबरें हैं कि ईरान ने अमेरिकी युद्धपोतों की ओर ड्रोन लॉन्च किए हैं, जिससे क्षेत्र में सैन्य तनाव और बढ़ गया है।
क्या हुआ पूरा घटनाक्रम?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरानी झंडे वाला यह जहाज नौसैनिक नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहा था। चेतावनी के बावजूद न रुकने पर अमेरिकी डिस्ट्रॉयर ने उसके इंजन रूम को निशाना बनाया, जिससे जहाज को रुकना पड़ा और उसे कब्जे में ले लिया गया। ट्रंप ने यह भी कहा कि इस जहाज पर पहले से प्रतिबंध लगे थे और इसका अवैध गतिविधियों से संबंध रहा है।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर बढ़ा तनाव
ईरान ने हाल ही में होर्मुज जलडमरूमध्य को कुछ समय के लिए खोला था, लेकिन अमेरिकी नाकेबंदी जारी रहने के चलते इसे फिर बंद कर दिया गया। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति गुजरने वाले किसी भी जहाज को “दुश्मन के साथ सहयोग” माना जाएगा और उस पर कार्रवाई की जाएगी।
फिर इसके बाद ईरान का जवाब आया. ISNA न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार ईरान के केंद्रीय कमांड सेंटर के प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के सशस्त्र बल जल्द ही इस सशस्त्र डकैती और अमेरिकी सेना के खिलाफ जवाब देंगे और जवाबी कार्रवाई करेंगे”.
ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी कदम को युद्धविराम का उल्लंघन और “ईरानी जनता के खिलाफ अवैध सामूहिक सजा” बताया है।
कुल मिलाकर, खाड़ी क्षेत्र में हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं और किसी भी समय यह तनाव बड़े टकराव का रूप ले सकता है।
Comments are closed.