दिल्ली-एनसीआर, यूपी, राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं।
कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। घर के अंदर एसी और कूलर कुछ राहत दे रहे हैं, लेकिन बाहर चल रही लू बेहद खतरनाक साबित हो रही है। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली के लिए 22 अप्रैल से 24 अप्रैल तक हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गर्मी और अधिक तीखी हो सकती है, जबकि 25 अप्रैल से हल्की राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली का हाल
दिल्ली में आज अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है। आसमान साफ रहेगा और 21 अप्रैल को भी स्थिति लगभग ऐसी ही बनी रहेगी। 22 अप्रैल से तापमान में और बढ़ोतरी होगी और रात का तापमान भी 24 डिग्री तक पहुंच सकता है।
इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है:
19–20 अप्रैल: पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़
19–23 अप्रैल: पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश
20–21 अप्रैल: झारखंड
20–22 अप्रैल: पश्चिमी उत्तर प्रदेश
20–23 अप्रैल: पश्चिमी राजस्थान
21–23 अप्रैल: पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा
इसके अलावा, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के तटीय इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। कई क्षेत्रों में रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 18 से 24 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
कहां मिलेगी राहत?
पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम राहत दे सकता है। 19 से 21 अप्रैल के दौरान असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 20 और 21 अप्रैल को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा का अनुमान है।
कुल मिलाकर, देश के बड़े हिस्से में फिलहाल भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा, लेकिन पूर्वोत्तर और कुछ पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।
Comments are closed.