अमेरिकी सेना ने कैरिबियन सागर में छह ड्रग तस्करों को मार गिराया; हेगसेथ का कड़ा बयान — “अल-कायदा की तरह खत्म करेंगे”

4

कैरिबियन सागर में अमेरिकी सेना का हमला: छह ड्रग तस्कर ढेर, हेगसेथ बोले — नार्को-आतंकी अल-कायदा जैसी कार्रवाई के हकदार।

अमेरिकी सेना ने कैरिबियन सागर में एक ड्रग तस्करों से भरी नाव पर हमला किया, जिसमें छह लोग मारे गए। यह हमला वेनेजुएला के बढ़ते तनाव के बीच हुआ और ट्रंप प्रशासन के अभियान के तहत संदिग्ध ड्रग नौकाओं पर अब तक हुए 10 हमलों में मृतकों की संख्या 43 हो गई है।

दक्षिण अमेरिका में अमेरिकी सैन्य तैनाती
रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने घोषणा की है कि अमेरिकी सेना दक्षिण अमेरिका के समुद्री क्षेत्र में एक विमानवाहक पोत तैनात करेगी। इस तैनाती में आठ अतिरिक्त युद्धपोत, एक परमाणु पनडुब्बी और F-35 विमान शामिल होंगे। विमानवाहक पोत ‘फोर्ड’, जो 2017 में कमीशन हुआ था, अमेरिका का सबसे नया और दुनिया का सबसे बड़ा विमानवाहक पोत है।

अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में रात का हमला
डिफेंस मिनिस्टर हेगसेथ ने कहा कि यह हमला अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में रात को किया गया। उन्होंने दावा किया कि नाव का संचालन ट्रेन डी अरागुआ नामक संगठन कर रहा था, जिसे ट्रंप प्रशासन ने नार्को-आतंकी गिरोह घोषित किया है। हेगसेथ ने कहा, “हम मादक पदार्थ तस्करी करने वाले गिरोह के साथ वैसा ही व्यवहार करेंगे जैसा हम अल-कायदा के साथ करते हैं।”

सुपरसोनिक बमवर्षकों की उड़ान
हमले से कुछ घंटे पहले अमेरिकी दो सुपरसोनिक बी-1 बमवर्षकों ने वेनेजुएला तट तक उड़ान भरी। अमेरिका ने कैरिबियन और वेनेजुएला तटीय जलक्षेत्र में असामान्य रूप से बड़े पैमाने पर बल तैनात किया है। इससे अटकलें लगाई जा रही हैं कि ट्रंप प्रशासन मादुरो पर सैन्य दबाव बढ़ा सकता है।

वेनेजुएला और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका वेनेजुएला से खुश नहीं है और ड्रग तस्करी एक बड़ा कारण है। वहीं, वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने बार-बार आरोप लगाया है कि अमेरिका उन्हें सत्ता से हटाना चाहता है।

कोलंबिया पर प्रतिबंध
रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिका ने कोलंबियाई राष्ट्रपति गुस्टावो पेट्रो पर प्रतिबंध लगाए हैं। उन पर अमेरिका में कोकेन की तस्करी रोकने में असफल रहने का आरोप है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्काट बेसेंट के अनुसार, पेट्रो के सत्ता में आने के बाद कोलंबिया में कोकेन उत्पादन दशकों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है।

Comments are closed.