छठ पूजा पर मौसम की मार! दिल्ली-NCR में बारिश की चेतावनी, जानें यूपी-उत्तराखंड से बिहार तक का ताज़ा हाल
मौसम बदलने को तैयार: छठ के बाद बढ़ेगी ठंड, दिल्ली-NCR से लेकर बिहार तक बारिश के आसार
दिवाली के बाद अब मौसम में ठंडक घुलने लगी है। अक्टूबर अपने आखिरी पड़ाव पर है, लेकिन इस बार सर्दी ने कुछ देर से दस्तक दी है। फिलहाल सुबह और रात में हल्की सिहरन महसूस हो रही है, जबकि दिन में अब भी हल्की गर्मी बनी हुई है। हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है, जो ठंड की शुरुआत का संकेत हो सकता है।
दिल्ली-NCR: हल्की बारिश के साथ बढ़ेगी ठंड
दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 27 और 28 अक्टूबर को शाम या रात के समय बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि 29 अक्टूबर को आसमान साफ रहेगा। बारिश होने पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड का असर बढ़ सकता है। इस बीच, प्रदूषण से जूझ रही दिल्ली सरकार कृत्रिम बारिश की तैयारी में भी जुटी है। अगर प्राकृतिक बारिश होती है, तो वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिल सकता है।
उत्तर प्रदेश: चार दिनों तक बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव के संकेत हैं। IMD ने 27 से 30 अक्टूबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। देर रात और सुबह के समय कोहरा और हल्की धुंध छाने की भी संभावना है। इससे राज्य में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा।
उत्तराखंड: पहाड़ों में बारिश और फिसलन का खतरा
उत्तराखंड में 27 से 29 अक्टूबर तक हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम ठंडा रहेगा। मौसम विभाग ने यात्रियों को पहाड़ी रास्तों पर फिसलन और कोहरे से सावधानी बरतने की सलाह दी है। बारिश के बाद यहां ठंड में तेजी आने की संभावना है।
बिहार: छठ के बाद बदलेगा मौसम
बिहार में छठ पूजा के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात के प्रभाव से 29 से 31 अक्टूबर के बीच कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। गया, पटना, भागलपुर और मुज़फ्फरपुर में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि, छठ पूजा के दौरान मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
Comments are closed.