फाल्कन-9 में तकनीकी खराबी से Axiom-4 मिशन फिर टला, शुभांशु शुक्ला की उड़ान पर लगा ब्रेक।
भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) ले जाने वाला Axiom-4 मिशन एक बार फिर स्थगित कर दिया गया है। बुधवार शाम होने वाला यह प्रक्षेपण फाल्कन-9 रॉकेट में तकनीकी खराबी के कारण टाल दिया गया। स्पेसएक्स और इसरो दोनों ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर इसकी जानकारी दी।
रॉकेट में लीकेज, लॉन्च टली
चेकिंग के दौरान फाल्कन-9 रॉकेट में लीकेज पाया गया, जिसे ठीक करने के लिए इंजीनियरों ने अतिरिक्त समय मांगा है। स्पेसएक्स ने बताया कि मरम्मत के बाद ही नई लॉन्च तिथि तय की जाएगी। इससे पहले भी यह मिशन दो बार टल चुका है।
शुभांशु होंगे पायलट, अंतरराष्ट्रीय टीम के साथ
इस मिशन में शुभांशु शुक्ला के साथ अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री पैगी व्हिटसन (कमांडर), पोलैंड के स्लावोस्ज उजनांस्की-विस्नीवस्की और हंगरी के टिबोर कापू शामिल हैं। शुभांशु मिशन में पायलट की भूमिका निभाएंगे।
तीसरी बार टला प्रक्षेपण
Axiom-4 मिशन को पहले 29 मई को लॉन्च किया जाना था, जिसे 8 जून और फिर 10 जून तक के लिए स्थगित किया गया। अब तकनीकी कारणों से तीसरी बार इसे रोका गया है।
अब नई तारीख का इंतजार
देशभर की निगाहें अब नई लॉन्च तारीख पर टिकी हैं। जैसे ही फाल्कन-9 की तकनीकी समस्या दूर होगी, शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा का रास्ता फिर से खुलेगा।
Comments are closed.