दिल्ली में आज मौसम रहेगा करवटों भरा, अगले 7 दिन तक बदलेगा मिज़ाज

9

दिल्ली में मौसम ने फिर दिखाए कई रंग, तेज बारिश से मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर उठे सवाल

दिल्ली में बुधवार को मौसम ने कई करवटें लीं। सुबह हल्के बादलों और कहीं-कहीं बूंदाबांदी के साथ दिन की शुरुआत हुई, दोपहर में तेज धूप निकली तो उमस ने परेशान किया, और शाम होते-होते कई इलाकों में झमाझम बारिश ने दस्तक दे दी। इस अप्रत्याशित बदलाव ने एक बार फिर भारतीय मौसम विभाग की भविष्यवाणियों को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया।

अलर्ट की उलझन
मौसम विभाग ने पहले दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया था, जिसे दोपहर में ओरेंज और शाम सात बजे रेड अलर्ट में बदल दिया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि जब तक रेड अलर्ट जारी हुआ, तब तक दिल्ली के कई हिस्सों में भारी बारिश शुरू हो चुकी थी। वहीं अलर्ट जारी होने के बाद बारिश की तीव्रता कम हो गई।

मौसम विभाग के अनुसार, बादलों का एक घना समूह पूर्व की ओर बढ़ रहा था, जिसके चलते कई इलाकों में गरज के साथ तेज वर्षा, बिजली की चमक और 30–50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

तापमान और नमी का हाल
बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.5 डिग्री नीचे रहा। दिनभर हवा में नमी का स्तर 62 से 81 प्रतिशत के बीच बना रहा।

कहां कितनी बारिश हुई?
दिल्ली में बारिश का असर क्षेत्रवार अलग-अलग दिखा। सफदरजंग वेधशाला पर शाम साढ़े आठ बजे तक मात्र 1.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि नजफगढ़ में सर्वाधिक 60 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अन्य प्रमुख इलाकों में बारिश का हाल इस प्रकार रहा:

स्थान वर्षा (मिमी में)
पालम 14.4
लोधी रोड 1.5
आयानगर 50.5
भारत मंडपम 37.7
पूसा 30.5
इग्नू 11.5
नॉर्थ कैंपस 22.0
फार्मा साइंस 15.5
जनकपुरी 4.0
नारायणा 6.5
मुंगेशपुर 7.0
जाफरपुर 2.0

अगले सात दिन ऐसा ही रहेगा मिज़ाज
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। गर्जना, बिजली और ठंडी हवाओं के साथ तापमान में गिरावट आने की संभावना है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

हवा की गुणवत्ता भी बेहतर
लगातार बारिश और हवाओं के चलते दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखा जा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बुधवार को लगातार 14वें दिन दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 100 से नीचे रहा। यह स्तर ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। आने वाले दो दिनों में भी वायु गुणवत्ता इसी स्तर पर बनी रहने की संभावना जताई गई है।

Comments are closed.