चंदन मिश्रा हत्याकांड: पटना पुलिस और STF की बड़ी कार्रवाई, पश्चिम बंगाल से शूटर गिरफ्तार
पटना के पारस अस्पताल में कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सूत्रों के मुताबिक, पटना पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इन गिरफ्तारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए संदिग्धों का संबंध शेरू सिंह गिरोह से बताया जा रहा है। इस गिरोह के नेटवर्क को खंगालते हुए बिहार पुलिस की टीम पुरुलिया तक पहुंची, जहां से आरोपियों को दबोचा गया। गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या और पहचान को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
बता दें कि बक्सर के कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की 6 जुलाई को पटना के पारस अस्पताल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पांच हथियारबंद हमलावर अस्पताल के अंदर घुसे और ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर मिश्रा की हत्या कर फरार हो गए थे। इस घटना से राजधानी में हड़कंप मच गया था।
हत्या के बाद से ही पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पश्चिम बंगाल में हुई यह कार्रवाई उसी कड़ी का अहम हिस्सा मानी जा रही है।
Comments are closed.