शेख हसीना और भतीजियों पर आवासीय भूखंड घोटाले की जांच शुरू

5

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना, उनकी भतीजियां आजमीना सिद्दीक और ब्रिटिश सांसद ट्यूलिप सिद्दीक समेत 17 सहयोगियों के खिलाफ आवासीय भूखंड घोटाले में भ्रष्टाचार की जांच बुधवार को ढाका की एक अदालत में शुरू हुई। इस दौरान शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए।

एसीसी अधिकारियों की गवाही
द डेली स्टार के मुताबिक, एंटी-करप्शन कमीशन (एसीसी) की सहायक निदेशक एफनान जन्नत केया ने विशेष न्यायालय-4 के न्यायाधीश मोहम्मद रबीउल आलम के समक्ष गवाही दी। इसके अलावा एसीसी के उप निदेशक मोहम्मद सलाउद्दीन ने भी एक अन्य मामले में हसीना, शेख रेहाना और ट्यूलिप सहित 17 लोगों के खिलाफ दर्ज भ्रष्टाचार केस में बयान दिया।

ट्यूलिप सिद्दीक का इस्तीफा
लंदन के हैम्पस्टेड और हाईगेट निर्वाचन क्षेत्र से सांसद ट्यूलिप सिद्दीक ने इस साल की शुरुआत में परिवार के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद ट्रेजरी मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। 42 वर्षीय ट्यूलिप ने ढाका में मोहम्मद युनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार पर “सुनियोजित कीचड़ उछालने” का आरोप लगाया और सभी आरोपों से इनकार किया।

हसीना व परिवार पर कई मामले
प्रथम आलो की रिपोर्ट के अनुसार, 11 अगस्त को 77 वर्षीय हसीना, उनके बेटे सजीब वाजेद और बेटी सैमा वाजेद पुतुल के खिलाफ भूखंड आवंटन में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े तीन मामलों में बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हुई। एसीसी ने जनवरी में पूर्वाचल न्यू टाउन परियोजना के तहत कथित अनियमितताओं के लिए हसीना, उनके परिवार और 23 अन्य पर छह मामले दर्ज किए।

गिरफ्तारी वारंट जारी
31 जुलाई को एक बांग्लादेशी अदालत ने हसीना, उनके बेटे और बेटी समेत कई अन्य के खिलाफ एसीसी के छह मामलों में आरोप तय किए और गिरफ्तारी वारंट जारी किया। अदालत ने गवाहों के बयान दर्ज करने के लिए बुधवार की तारीख तय की थी।

Comments are closed.