माफ़ी के एक दिन बाद, गलत मतदाता आंकड़ों पर CSDS के संजय कुमार पर केस दर्ज
महाराष्ट्र चुनावों को लेकर संजय कुमार ने दावा किया था कि विधानसभा क्षेत्र 59 (रामटेक) में 2024 लोकसभा चुनाव में मतदाताओं की संख्या 4,66,203 थी, जबकि विधानसभा चुनाव में यह घटकर 2,86,931 रह गई।
महाराष्ट्र के नागपुर में ‘गलत सूचना’ फैलाने और चुनाव नियमों के उल्लंघन के आरोप में लोकनीति-सीएसडीएस से जुड़े चुनाव विश्लेषक संजय कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
बीएनएस की धारा 175, 353(1)(बी), 212 और 340(1)(2) के तहत यह शिकायत दर्ज हुई है। नासिक के सरकारवाड़ा थाने में भी उनके खिलाफ वोटों में धांधली का झूठा आरोप लगाने का मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई उस विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट के बाद हुई है, जिसके लिए संजय कुमार पहले ही माफी मांग चुके हैं। उन्होंने माना था कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव के आंकड़ों की तुलना करते समय उनकी टीम से गलती हुई। ट्वीट को बाद में हटा दिया गया था।
अपने पोस्ट में संजय ने दावा किया था कि नागपुर जिले के रामटेक विधानसभा क्षेत्र में 2024 लोकसभा चुनाव में मतदाताओं की संख्या 4,66,203 थी, जबकि विधानसभा चुनाव में यह घटकर 2,86,931 रह गई, यानी करीब 38% की कमी। इसी तरह, देवलाली विधानसभा क्षेत्र में भी उन्होंने मतदाताओं की संख्या में लगभग 37% गिरावट का दावा किया था।
हालांकि, बाद में उन्होंने साफ किया कि डेटा गलत पढ़ा गया था और उनका उद्देश्य किसी तरह की भ्रामक जानकारी फैलाना नहीं था।
Comments are closed.