एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करने वाला शूटर गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में चला गोलियों का दौर

6

गुरुग्राम में एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर रविवार सुबह हुई फायरिंग के मामले में आरोपी को फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी इशांत उर्फ इशू गांधी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के मुताबिक, इशांत ने ऑटोमेटिक पिस्टल से पुलिस पर कई राउंड फायरिंग की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में वह दबोच लिया गया।

क्या है मामला

रविवार सुबह सेक्टर-57 स्थित एल्विश यादव के आवास के बाहर दो नकाबपोश बदमाशों ने दो दर्जन से ज्यादा गोलियां चलाई थीं। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। वीडियो में दोनों हमलावर बाइक से आते और घर की ओर गोलियां बरसाते नजर आए। इस हमले की जिम्मेदारी कुख्यात ‘भाऊ गिरोह’ ने ली थी।

फायरिंग घर के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर की गई थी, जबकि एल्विश का परिवार दूसरे और तीसरे फ्लोर पर मौजूद था। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

एल्विश यादव और विवाद

एल्विश यादव अक्सर विवादों में रहे हैं। पिछले साल उन पर सांप के जहर की अवैध सप्लाई और रेव पार्टियों में इस्तेमाल से जुड़ा मामला दर्ज हुआ था। इस केस में उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी, हालांकि एल्विश ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया था। मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है।

Comments are closed.