निक्की हेली की नसीहत: ट्रंप की बात को गंभीरता से लें, भारत-अमेरिका संबंध मजबूत रखें
संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली ने भारत को रूसी तेल खरीद और टैरिफ विवाद को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बात को गंभीरता से लेने की सलाह दी है। हेली ने कहा कि “व्हाइट हाउस के साथ मिलकर जल्द समाधान निकालना जितना जल्दी होगा, उतना बेहतर होगा।”
हेली ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि दुनिया की दो सबसे बड़ी लोकतांत्रिक ताकतों के बीच दशकों से चली आ रही दोस्ती और भरोसा मौजूदा मतभेदों से आगे बढ़ने की मजबूत नींव है। उनका कहना है कि व्यापार विवाद और रूस से तेल आयात जैसे मसलों पर कठिन बातचीत जरूरी है, लेकिन साझा लक्ष्य सबसे अहम हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चीन का सामना करने के लिए अमेरिका को भारत जैसे मजबूत दोस्त की जरूरत है।
इससे पहले भी हेली ने चेतावनी दी थी कि भारत-अमेरिका संबंध एक नाजुक मोड़ पर हैं। न्यूजवीक में लिखे लेख में उन्होंने कहा कि रूस से तेल आयात और टैरिफ विवाद को दोनों देशों के रिश्तों में स्थायी दरार का कारण नहीं बनने देना चाहिए।
हेली ने चीन पर भी ध्यान आकर्षित किया और कहा कि भारत के तेजी से उभरने के बाद चीन की महत्वाकांक्षाएं कमजोर पड़ेंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ट्रंप के बीच सीधी बातचीत की अपील करते हुए चेताया कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो बीजिंग इस दरार का फायदा उठा सकता है।
Comments are closed.