ब्राजील में तूफानी तबाही: एक मिनट में सबकुछ उजड़ा, 6 की मौत और 750 लोग घायल

2

ब्राजील में तबाही मचाने वाला टोर्नेडो: एक मिनट में उजड़ गया पूरा शहर, 6 की मौत और सैकड़ों घायल

ब्राजील के दक्षिणी राज्य पराना में आए एक भीषण टोर्नेडो ने भारी तबाही मचा दी। यह तूफान इतना शक्तिशाली था कि सिर्फ एक मिनट में पूरा शहर खंडहर में बदल गया। अब तक 6 लोगों की मौत, 1 व्यक्ति लापता और करीब 750 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

90% शहर हुआ तबाह
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, टोर्नेडो ने रियो बोनितो दो इगुआसू शहर को सबसे ज्यादा प्रभावित किया। महज कुछ ही पलों में शहर का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा नष्ट हो गया। करीब 14,000 की आबादी वाले इस छोटे शहर में घर, स्कूल, दुकानें और बिजली व्यवस्था पूरी तरह तहस-नहस हो गई।
घायलों में से 10 लोगों की सर्जरी की गई है, जबकि 9 की हालत गंभीर बनी हुई है।

राहत और बचाव कार्य जारी
आपदा के बाद राहत और बचाव टीमें लगातार काम में जुटी हैं। पराना के गवर्नर कार्लोस मासा राटिन्हो जूनियर ने राज्य में तीन दिन के शोक की घोषणा की है और कहा है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। प्रशासन ने अस्थायी शिविरों और मोबाइल क्लिनिकों की व्यवस्था की है ताकि विस्थापित लोगों को तुरंत मदद मिल सके।

राष्ट्रपति लूला ने जताई संवेदना
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर पोस्ट कर हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की टीमें, जिनमें स्वास्थ्य और राहत मंत्रालय के अधिकारी शामिल हैं, प्रभावित इलाकों में भेजी जा चुकी हैं, और पुनर्निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है।

विनाश का मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज हवाओं ने घरों की छतें उड़ा दीं, पेड़ और बिजली के खंभे गिर पड़े, और कई वाहन हवा में उछल गए। विशेषज्ञों का कहना है कि यह ब्राजील के इतिहास में आए सबसे शक्तिशाली टोर्नेडो में से एक था, जिसकी रफ्तार 200 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक थी।

Comments are closed.