अमेरिका में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए AI का इस्तेमाल, कैमरों से रियल-टाइम मॉनिटरिंग
अमेरिका में सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जा रहा है। एआई न केवल गड्ढों का स्वतः पता लगा रहा है, बल्कि यह भी तय कर रहा है कि किस मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देनी है—कहां गड्ढे पहले भरने हैं, किन स्थानों पर गार्डरेल खराब हैं, किन साइनबोर्ड को दुरुस्त करने की जरूरत है और किन मोड़ों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाने चाहिए।
कैमरों से मिलने वाला डेटा सीधे संबंधित विभाग को भेजा जाता है, जिसके बाद मरम्मत टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर काम पूरा करती है। हवाई राज्य ने सड़क हादसों में कमी लाने के लिए पहले से ही 1,000 डैशकैम तैनात किए हुए हैं।
कैसे काम कर रहा है AI सिस्टम?
डैशकैम और सड़क किनारे लगे कैमरे एआई की मदद से गार्डरेल, सड़क चिह्न, पैदल मार्ग और अन्य बुनियादी ढांचे का ऑटोमैटिक निरीक्षण करते हैं। किसी भी खतरे या क्षति की पहचान होने पर सिस्टम तुरंत मरम्मत टीम को अलर्ट भेज देता है।
कैलिफोर्निया के सैन जो में लगाए गए कैमरों ने 97% तक सटीक रिपोर्टिंग दी है, जिसे स्थानीय प्रशासन बेहद प्रभावी मान रहा है।
टेक्सास में जनता भी दे रही मदद
टेक्सास राज्य में खराब सड़कों की पहचान के लिए आम लोगों की सहायता ली जा रही है। स्वयंसेवी ड्राइवरों की गाड़ियों में लगे कैमरों और मोबाइल डेटा से प्राप्त जानकारी के आधार पर सड़क सुधार कार्य तेजी से किया जा रहा है।
हवाई में वर्ष 2021 से “Eyes on the Road” अभियान के तहत वाहनों में मुफ्त डैशकैम लगाए जा रहे हैं ताकि सड़क सुरक्षा की निगरानी लगातार हो सके।
इस पहल में हवाई यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर रोज़र चेन ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं, सैन जो के मेयर मैट महन ने शहर की सड़कें सुधारने के उद्देश्य से दो स्टार्टअप शुरू किए हैं, जो एआई आधारित मॉनिटरिंग का उपयोग कर रहे हैं।
भविष्य में और बढ़ेगा AI का उपयोग
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में लगभग सभी वाहनों में इनबिल्ट कैमरे मौजूद होंगे, जो सड़कों की रियल-टाइम निगरानी कर सकेंगे। इससे गड्ढों की पहचान, सड़क मरम्मत, साइनबोर्ड सुधार और समग्र यातायात सुरक्षा में बड़ी मदद मिलेगी।
Comments are closed.