यूएस जस्टिस डिपार्टमेंट की वेबसाइट से एपस्टीन से जुड़ी 16 फाइलें गायब, ट्रंप दंपती की फोटो भी शामिल

1

अमेरिका में यौन अपराध के दोषी जेफरी एपस्टीन से जुड़े लंबे समय से बंद पड़े सरकारी दस्तावेजों में से कम से कम 16 फाइलें शनिवार तक अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) की वेबसाइट से गायब हो गईं।

इन गायब दस्तावेजों में एक ऐसी फाइल भी शामिल थी, जिसमें पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें मौजूद थीं। दरअसल, अमेरिकी न्याय विभाग ने कांग्रेस द्वारा पारित ‘एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट’ के तहत हजारों पन्नों के दस्तावेज और सैकड़ों तस्वीरें सार्वजनिक की थीं। इनमें एपस्टीन से जुड़ी जांच रिपोर्ट्स, फ्लाइट लॉग्स, फोटोग्राफ्स और अन्य आधिकारिक रिकॉर्ड शामिल थे।

कौन-कौन था तस्वीरों में?

बताया जा रहा है कि ये फाइलें शुक्रवार को न्याय विभाग की सार्वजनिक वेबसाइट पर अपलोड की गई थीं, लेकिन शनिवार तक आम लोगों की पहुंच से हटा दी गईं। गायब हुई फाइलों में ऐसी तस्वीरें थीं, जिनमें डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप, जेफरी एपस्टीन और गिस्लेन मैक्सवेल एक साथ नजर आ रहे थे।

इसके अलावा, हटाई गई फाइलों में नग्न महिलाओं की कलाकृतियों की तस्वीरें, फर्नीचर और दराजों में रखी तस्वीरों का एक कोलाज भी शामिल था। हालांकि, न्याय विभाग ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन फाइलों को जानबूझकर हटाया गया या किसी तकनीकी कारण से वे वेबसाइट पर दिखाई नहीं दे रही हैं।

‘और क्या-क्या छुपाया जा रहा है?’

फाइलों के गायब होने के बाद सोशल मीडिया पर अटकलों का दौर तेज हो गया है। अमेरिकी संसद की हाउस ओवरसाइट कमेटी के डेमोक्रेट सदस्यों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ट्रंप की तस्वीरों के हटने को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि आखिर और क्या-क्या छुपाया जा रहा है और अमेरिकी जनता को पूरी पारदर्शिता क्यों नहीं दी जा रही।

हाल ही में सामने आई जानकारियों में यह भी खुलासा हुआ है कि न्याय विभाग ने 2000 के दशक में एपस्टीन के खिलाफ एक जांच को बंद करने का फैसला किया था। इसके अलावा, 1996 की एक पहले कभी सार्वजनिक न हुई शिकायत भी सामने आई है, जिसमें एपस्टीन पर बच्चों की तस्वीरें चुराने का आरोप लगाया गया था।

अब तक जारी की गई तस्वीरों में न्यूयॉर्क शहर और अमेरिकी वर्जिन द्वीप समूह में स्थित एपस्टीन के घरों की तस्वीरें प्रमुख रूप से शामिल हैं। साथ ही, कुछ मशहूर हस्तियों और राजनेताओं की तस्वीरें भी सामने आई हैं।

पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पहले कभी न देखी गई तस्वीरों की एक श्रृंखला सार्वजनिक हुई है, जबकि ट्रंप से जुड़ी तस्वीरें अपेक्षाकृत कम थीं। दोनों नेताओं का नाम अतीत में एपस्टीन से जोड़ा गया था, हालांकि बाद में दोनों ने उससे किसी भी तरह की दोस्ती से इनकार किया।

Comments are closed.