मुंबई में रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी, पुलिस ने शुरू की जांच

2

फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर शनिवार देर रात गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई के पश्चिमी उपनगर जुहू स्थित रोहित शेट्टी के आवास के बाहर अज्ञात लोगों ने फायरिंग की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना तड़के हुई, जिसके बाद एहतियातन भवन के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के समय फिल्म निर्माता अपने घर पर मौजूद थे या नहीं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावरों ने भवन की ओर चार राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

सूचना मिलते ही जुहू पुलिस और अपराध शाखा की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सभी पहलुओं से जांच जारी है।

Comments are closed.