भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में एक बार फिर टीम इंडिया ने बाज़ी मार ली।
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारत ने विश्व कप मुकाबलों में पाकिस्तान पर अपनी मजबूत पकड़ को और पुख्ता किया। सिडनी, बेंगलुरु, मैनचेस्टर, सेंचुरियन, डरबन, जोहान्सबर्ग, मोहाली, ढाका, एडिलेड, कोलकाता, मेलबर्न, अहमदाबाद और न्यूयॉर्क के बाद कोलंबो भी उन शहरों की सूची में शामिल हो गया, जहां भारत ने विश्व कप में पाकिस्तान को हराया है।
मोहसिन नकवी मैच खत्म होने से पहले रवाना
मैच का रुख साफ होते ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और देश के गृह मंत्री मोहसिन नकवी स्टेडियम से निकल गए। उनके साथ कई पाकिस्तानी समर्थक भी हार लगभग तय होते ही प्रेमदासा स्टेडियम से बाहर जाते दिखे। वहीं दूसरी ओर आईसीसी अध्यक्ष जय शाह, बीसीसीआई पदाधिकारी और भारतीय प्रशंसकों ने जीत का जमकर जश्न मनाया।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी ढही
176 रन का लक्ष्य आसान नहीं था, लेकिन पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने शुरुआती चार ओवरों में ही 25 रन पर तीन विकेट गिराकर मैच का रुख तय कर दिया।
पांच ओवर के भीतर साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान आगा और बाबर आजम पवेलियन लौट चुके थे। 73 रन तक पहुंचते-पहुंचते आधी टीम आउट हो चुकी थी। इसके बाद पाकिस्तानी बल्लेबाज संघर्ष करते रहे, लेकिन मैच को 18वें ओवर से आगे नहीं ले जा सके।
भारत की ओर से बुमराह, हार्दिक, अक्षर पटेल और वरुण ने दो-दो विकेट लिए। तिलक वर्मा ने पार्ट-टाइम स्पिन में शादाब खान को पहली ही गेंद पर आउट किया, जबकि कुलदीप यादव ने भी एक विकेट झटका।
ईशान किशन की शानदार पारी
भारतीय पारी की बात करें तो ट्रिकी पिच पर पाकिस्तान ने छह स्पिनरों का इस्तेमाल किया। बावजूद इसके ईशान किशन ने 77 रन की बेहतरीन पारी खेली और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उन्होंने 10 चौके और 3 छक्के लगाए और पावरप्ले में 42 रन बनाकर नया रिकॉर्ड भी बनाया।
पावरप्ले के छह ओवर में भारत ने 52 रन बनाए, जिनमें से 42 रन अकेले ईशान के थे। यह भारत-पाकिस्तान मुकाबले में पावरप्ले के दौरान किसी भी बल्लेबाज का सर्वाधिक स्कोर है। अभिषेक शर्मा एक बार फिर शून्य पर आउट हुए। सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या को स्पिनरों ने बांधे रखा, लेकिन अंत में शिवम और सूर्य ने टीम का स्कोर 170 के पार पहुंचाया।
Comments are closed.