ईरान-इजरायल तनाव के बीच दुबई में फंसे दिल्लीवासी, परिजनों की बढ़ी चिंता

0

इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने पश्चिम एशिया में अनिश्चितता का माहौल बना दिया है।

इसका असर वहां रह रहे भारतीयों और उनके परिजनों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। दिल्ली में बैठे परिवारजन दुबई समेत खाड़ी देशों में रह रहे अपनों की सलामती को लेकर चिंतित हैं।

दुबई में रह रहे दिल्ली के राजीव श्रीवास्तव ने फोन पर बताया कि क्षेत्रीय हालात बिगड़ने के बाद सुरक्षा दिशानिर्देश कड़े कर दिए गए हैं। कई इलाकों में एहतियातन ऊंची इमारतों को खाली कराया गया है और लोगों से घरों के भीतर रहने को कहा गया है। “माहौल तनावपूर्ण है। हर अलर्ट के साथ घबराहट बढ़ जाती है,” उन्होंने कहा।

मंडावली के मेहदी अब्बास, जो दुबई में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और बुर्ज खलीफा के पास किराये के मकान में रहते हैं, ने बताया कि हाल ही में एक विस्फोट की आवाज सुनाई देने के बाद उनके मोबाइल पर आपातकालीन अलर्ट आया। प्रशासन की ओर से तुरंत संदेश जारी कर लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई। “कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में सन्नाटा छा गया। परिवार वालों के लगातार फोन आ रहे थे। वीडियो कॉल कर उन्हें भरोसा दिलाना पड़ा कि मैं सुरक्षित हूं,” उन्होंने कहा।

हमलों की आशंका के बाद कई दफ्तर बंद कर दिए गए हैं और कंपनियों ने वर्क फ्रॉम होम लागू कर दिया है। मेहदी का कहना है कि फिलहाल नौकरी के कारण भारत लौटना संभव नहीं है, लेकिन हालात सामान्य होने की उम्मीद है।

लक्ष्मी नगर निवासी दवा कंपनी के प्रबंध निदेशक विद्या भूषण ने बताया कि उनकी पत्नी और बच्चे इस समय दुबई में हैं। “फोन पर उन्होंने बताया कि कभी-कभी धमाकों जैसी आवाजें सुनाई देती हैं और प्रशासन लगातार घरों में रहने की हिदायत दे रहा है,” उन्होंने कहा। नेटवर्क पर दबाव कम करने के लिए लोगों को अनावश्यक कॉल और वीडियो साझा करने से भी बचने को कहा गया है।

विद्या भूषण भारत लौट आए हैं, लेकिन परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। दिल्ली में कई परिवार इसी तरह फोन और संदेशों के सहारे हालात पर नजर रखे हुए हैं, उम्मीद कर रहे हैं कि तनाव जल्द कम हो और सामान्य स्थिति बहाल हो सके।

Comments are closed.