संसद में आज डबल घमासान: CEC पर महाभियोग की तैयारी, गैस संकट पर भी हंगामे के आसार

1

संसद के दोनों सदनों में आज तीखा टकराव देखने को मिल सकता है।

लोकसभा में प्रश्नकाल के बाद विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ महाभियोग का नोटिस सौंपने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक इस प्रस्ताव पर 100 से ज्यादा सांसदों के हस्ताक्षर जुटाए जा चुके हैं।

इसके साथ ही देश में गहराते एलपीजी सिलेंडर संकट को लेकर भी विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है और उम्मीद है कि आज संसद में इस पर जोरदार बहस होगी। इसके अलावा निजी सदस्यों के विधेयकों और संकल्पों के जरिए सांसद अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे भी उठाएंगे।

राज्यसभा में भी प्रश्नकाल के बाद मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव पर व्यापक चर्चा की मांग तेज हो सकती है। विपक्ष का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी संकट का असर भारत की ऊर्जा सुरक्षा और ईंधन आपूर्ति पर पड़ सकता है, इसलिए इस मुद्दे पर संसद में विस्तृत बहस जरूरी है। दोनों सदनों में दोपहर बाद निजी सदस्यों के विधायी कार्य लिए जाने हैं।

LPG संकट पर बढ़ी चिंता

इसी बीच देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडर की कमी की खबरों से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई शहरों में सिलेंडर के लिए लंबी कतारें लग रही हैं और बढ़ी कीमतों के साथ 25 दिन के रीफिल नियम को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार पर दबाव बढ़ाने की तैयारी में है।

CEC के खिलाफ बढ़ता दबाव

दूसरी ओर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। विपक्ष का आरोप है कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर कई सवाल उठे हैं और इसी मुद्दे को आधार बनाकर महाभियोग का प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में आज संसद में इस मुद्दे पर भी जोरदार राजनीतिक घमासान देखने को मिल सकता है।

Comments are closed.