पिछले करीब दस दिनों से तेज गर्मी झेल रहे उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ले ली है।
कई इलाकों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है और आसमान में बादल छाए हुए हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में ठंडी हवाएं चलने लगी हैं, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके कारण जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में भी 14 और 15 मार्च के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कई राज्यों में बारिश का अनुमान
पूर्वानुमान के मुताबिक मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र, विदर्भ, सौराष्ट्र और कच्छ में 13 मार्च को बारिश हो सकती है। वहीं ओडिशा में 13 और 14 मार्च तथा झारखंड में 14 और 15 मार्च के दौरान लू से भीषण लू की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है, जिसके बाद तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश में 13 मार्च को और 14 से 16 मार्च के बीच भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 13 से 16 मार्च के दौरान तथा असम और मेघालय में 13 से 15 मार्च के बीच तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
पहाड़ी इलाकों में बारिश-बर्फबारी
उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में 14 मार्च से मौसम सक्रिय हो सकता है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की बारिश और बर्फबारी की शुरुआत होने के आसार हैं, जो 15 से 19 मार्च के बीच तेज हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 15 और 16 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है।
उत्तराखंड में भी 14 मार्च को बारिश के साथ बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
कई राज्यों में ओलावृष्टि का भी खतरा
मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के साथ उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में ओले गिरने की संभावना है।
इसके अलावा पंजाब और हरियाणा में 15 से 19 मार्च तक, उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च को तथा राजस्थान के कुछ हिस्सों में 13 और 14 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों—त्रिपुरा, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश—में भी 13 से 19 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज नम हवाएं चलने का अनुमान है।
Comments are closed.