दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में रविवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है।
लोगों की नींद खुलने से पहले ही राजधानी दिल्ली में अल सुबह हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भले ही बारिश तेज नहीं थी, लेकिन इसने गर्मी के तेवर जरूर कम कर दिए। मौसम विभाग ने दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में गरज-चमक, आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
अल सुबह बारिश से भीगी दिल्ली
मौसम विभाग ने एक दिन पहले ही दिल्ली में रविवार को बारिश की संभावना जताई थी। इसी के तहत सुबह होने से पहले ही दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई।
रविवार का दिन होने के कारण ज्यादातर लोग जब तक सो रहे थे, तब तक मौसम ने राजधानी को सुहावना बना दिया। आसमान में घने काले बादल छाए रहे और कई जगहों पर गरज-चमक भी सुनाई दी।
आईएमडी के मुताबिक दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। आज गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
16 से 20 मार्च के बीच भी गर्मी ज्यादा परेशान नहीं करेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं 18 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश का एक और दौर आने की संभावना जताई गई है। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में घने बादलों की वजह से दिन में भी अंधेरा जैसा माहौल बना हुआ है।
राजस्थान और यूपी में भी बदलेगा मौसम
दिल्ली के पड़ोसी राज्यों राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी रविवार को मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में भी कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 मार्च को भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी राज्यों में ऑरेंज अलर्ट
पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इन राज्यों में गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में आज आंधी, ओले और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। 16 मार्च को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। 17 मार्च को मौसम कुछ हद तक सामान्य रहेगा, जबकि 18 और 19 मार्च को फिर से बारिश और आंधी का दौर लौट सकता है।
उत्तराखंड में भी आज से लेकर 19 मार्च तक आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 15 से 19 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने के संकेत हैं।
पंजाब-हरियाणा में भी बदला मौसम
दिल्ली से सटे पंजाब और हरियाणा में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार 15 से 20 मार्च के बीच इन राज्यों में आंधी और हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
मध्य प्रदेश और बिहार का हाल
मध्य प्रदेश में भी मौसम करवट ले सकता है। आज राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। 17 मार्च के बाद मौसम का असर और बढ़ सकता है और 18 से 20 मार्च के बीच इंदौर, देवास, रायसेन और सागर समेत कई जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है।
वहीं बिहार में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन 17 मार्च के बाद कई जिलों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
Comments are closed.