ओडिशा के कटक स्थित सरकारी एससीबी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया।
ट्रॉमा केयर विभाग की आईसीयू में लगी आग के कारण 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि मरीजों को बचाने की कोशिश के दौरान 11 अस्पताल कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए।
यह घटना रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच हुई, जब आईसीयू में कई गंभीर मरीजों का इलाज चल रहा था। आग लगते ही अस्पताल में अफरातफरी मच गई और मरीजों तथा उनके परिजनों में दहशत फैल गई।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू
सूचना मिलते ही फायर सर्विस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और लंबी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान अस्पताल स्टाफ, पुलिस और मरीजों के परिजनों की मदद से आईसीयू में भर्ती मरीजों को सुरक्षित अन्य वार्डों में शिफ्ट किया गया। हालांकि कई मरीजों की हालत पहले से गंभीर होने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई।
मुख्यमंत्री ने लिया हालात का जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
उन्होंने बताया कि आईसीयू से कुल 23 मरीजों को अन्य विभागों में स्थानांतरित किया गया था। इनमें से 7 मरीजों की मौत शिफ्टिंग के दौरान हुई, जबकि 3 मरीजों ने बाद में दम तोड़ दिया।
मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
न्यायिक जांच के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने पूरे मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। जांच के जरिए आग लगने के वास्तविक कारण और संभावित लापरवाही की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
Comments are closed.