LPG संकट में राहत: 40% बढ़ा प्रोडक्शन, 35% घटी बुकिंग, 24 दिनों में बड़े कदम

0

LPG संकट में राहत: सप्लाई पटरी पर, प्रोडक्शन 40% बढ़ा, पैनिक बुकिंग घटी

ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी युद्ध को करीब एक महीना होने वाला है, लेकिन इसके बीच भारत में तेल-गैस सप्लाई को सामान्य करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास तेज हो गए हैं। होर्मुज स्ट्रेट से बाधित सप्लाई धीरे-धीरे बहाल हो रही है और एलपीजी संकट में अब राहत के संकेत दिख रहे हैं।

सरकार के कदमों का असर दिखने लगा है। घरेलू एलपीजी उत्पादन 40 फीसदी तक बढ़ाया गया है, जबकि पैनिक बुकिंग में बड़ी गिरावट आई है। 13 मार्च को जहां रोजाना बुकिंग 87 लाख तक पहुंच गई थी, वह अब घटकर 50-55 लाख रह गई है।

होर्मुज से निकल रहे जहाज, सप्लाई में सुधार
फारस की खाड़ी में फंसे भारतीय झंडे वाले जहाज अब धीरे-धीरे निकल रहे हैं। 92 हजार टन एलपीजी लेकर दो टैंकर ‘पाइन गैस’ और ‘जग वसंत’ भारत के लिए रवाना हो चुके हैं और अगले 2-3 दिनों में भारतीय बंदरगाह पहुंचेंगे। इससे पहले भी दो टैंकर देश पहुंच चुके हैं, जिससे सप्लाई को सहारा मिला है।

कमर्शियल LPG और PNG पर जोर
सरकार ने होटल, ढाबों और रेस्तरां के लिए कमर्शियल एलपीजी का आवंटन 20 फीसदी बढ़ा दिया है, जिससे कुल कोटा 50 फीसदी तक पहुंच गया है। साथ ही, शहरी क्षेत्रों में पाइपलाइन गैस (PNG) और CNG कनेक्शन तेजी से देने के निर्देश दिए गए हैं। सभी शहरी गैस वितरण परियोजनाओं के आवेदन 10 दिनों में निपटाने का आदेश दिया गया है।

जमाखोरी पर सख्ती, सप्लाई प्राथमिकता तय
देशभर में कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ 3500 से ज्यादा छापेमारी की गई, जिसमें करीब 1400 सिलेंडर जब्त किए गए। जिन संस्थानों ने PNG कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, उन्हें एलपीजी सप्लाई में प्राथमिकता दी जा रही है। आम उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद डिलीवरी के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।

सरकार अलर्ट, पीएम मोदी का बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में कहा कि युद्ध के बावजूद भारत कूटनीति के जरिए अपने जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित कर रहा है। कई जहाज सुरक्षित भारत पहुंच चुके हैं और सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।

आयात पर निर्भरता और वैकल्पिक रणनीति
भारत अपनी जरूरत का करीब 60% एलपीजी, 50% एलएनजी और 88% कच्चा तेल आयात करता है, जिसमें बड़ा हिस्सा खाड़ी देशों से आता है। ऐसे में सरकार अब 27 की जगह 41 देशों से तेल-गैस आयात पर फोकस कर रही है, ताकि होर्मुज स्ट्रेट पर निर्भरता कम हो सके।

Comments are closed.