Bihar में अब आम नागरिकों को छोटी-छोटी पुलिस सेवाओं के लिए थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
राज्य सरकार ने डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देते हुए स्मार्ट नागरिक सेवा पोर्टल शुरू किया है, जहां घर बैठे कई सुविधाएं एक क्लिक पर मिलेंगी।
इस पोर्टल के जरिए लोग किराएदार, घरेलू सहायक या ड्राइवर का पुलिस वेरिफिकेशन करा सकते हैं। साथ ही लापता या अपहृत व्यक्ति की जानकारी देना, खोई या बरामद संपत्ति की रिपोर्ट दर्ज करना और अज्ञात व्यक्ति से जुड़ी जानकारी भी आसानी से उपलब्ध होगी।
इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की खास बात यह है कि बिना लॉग इन किए भी एफआईआर की कॉपी प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा नागरिक गुप्त सूचना साझा कर सकते हैं और वांछित या इनामी अपराधियों से जुड़ी जानकारी भी देख सकते हैं, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी।
लॉग इन करने के बाद यूजर्स को कई अतिरिक्त सेवाएं मिलती हैं, जिनमें ई-शिकायत दर्ज करना, लापता व्यक्तियों की रिपोर्ट देना, सत्यापन सेवाएं और अन्य नागरिक सुविधाएं शामिल हैं। इससे पुलिस और जनता के बीच दूरी कम होगी और शिकायतों के निपटारे में तेजी आएगी।
नई व्यवस्था के लागू होने से अब लोगों को मामूली कामों के लिए थाने जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी।
Comments are closed.