15 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू, पहली फ्लाइट इंडिगो करेगी ऑपरेट

3

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सफर की बहुप्रतीक्षित शुरुआत अब तय हो गई है। 15 जून से यहां से उड़ानें शुरू होंगी और पहली फ्लाइट इंडिगो एयरलाइंस द्वारा संचालित की जाएगी।

इससे दिल्ली-एनसीआर ही नहीं, पूरे उत्तर भारत के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, साथ ही कार्गो सेवाओं का भी लाभ मिल सकेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था, जिसके बाद से ही इसके संचालन को लेकर तैयारियां तेज थीं। अब नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो से एयरपोर्ट सुरक्षा कार्यक्रम (एएसपी) को मंजूरी मिलने के बाद वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत का रास्ता साफ हो गया है।

एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरलाइंस की ओर से उड़ानों के गंतव्य और समय-सारणी की घोषणा जल्द की जाएगी। शुरुआती चरण में इंडिगो अपनी सेवाएं शुरू करेगी, जिसके बाद अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी यहां से उड़ानें संचालित करने की तैयारी में हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, एयरपोर्ट का सुरक्षा ढांचा, तकनीकी प्रणालियां और संचालन प्रक्रियाएं सभी नियामक मानकों के अनुरूप तैयार कर ली गई हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव मिल सके।

आधुनिक सुविधाओं से लैस यह एयरपोर्ट क्षेत्र में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार और निवेश को भी नई रफ्तार देगा। मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी के जरिए यह हवाई अड्डा पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

Comments are closed.