राजा रघुवंशी मर्डर केस: सोनम के प्रेमी राज कुशवाह की जमानत याचिका खारिज, कोर्ट ने नहीं दी राहत

2

शहर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक अहम कानूनी मोड़ सामने आया है।

शिलांग सेशन कोर्ट ने मामले के मुख्य आरोपितों में शामिल राज कुशवाह की जमानत याचिका खारिज कर दी है। इस फैसले से उन अटकलों पर विराम लग गया है, जिनमें माना जा रहा था कि सह-आरोपित सोनम रघुवंशी को जमानत मिलने के बाद राज को भी राहत मिल सकती है।

राज कुशवाह की ओर से बुधवार शाम उनके वकील ने जमानत याचिका दायर की थी। कोर्ट ने सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसे अब सुनाते हुए जमानत अर्जी खारिज कर दी गई।

इससे पहले मामले की कथित मास्टरमाइंड सोनम रघुवंशी को हाल ही में जमानत मिल चुकी है। वह मंगलवार रात जेल से रिहा हुईं और फिलहाल अपने पिता देवी सिंह के साथ शिलांग के एक होटल में ठहरी हुई हैं। पिता ने 50 हजार रुपये का मुचलका भरकर उनकी रिहाई कराई थी। सोनम को राहत मिलने के बाद अन्य आरोपितों में भी उम्मीद जगी थी, लेकिन कोर्ट के ताजा फैसले ने स्थिति स्पष्ट कर दी है।

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी थी कि लंबे समय तक अंडरट्रायल के तौर पर जेल में रखना आरोपी के अधिकारों का उल्लंघन है, इसलिए उसे जमानत दी जानी चाहिए। हालांकि, कोर्ट ने मामले की गंभीरता और उपलब्ध साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए इस दलील को स्वीकार नहीं किया और राज कुशवाह को राहत देने से इनकार कर दिया।

इस फैसले के बाद अब अन्य आरोपितों के लिए भी जमानत की राह कठिन होती नजर आ रही है। मामले की अगली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, जहां आगे की कानूनी दिशा तय होगी।

Comments are closed.