कश्मीर-उत्तराखंड में भूस्खलन, दिल्ली में आज रेड अलर्ट—10 राज्यों में भारी बारिश का खतरा

2

पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है।

रविवार को कई राज्यों में आंधी और बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया, जबकि जम्मू-कश्मीर के उड़ी क्षेत्र में भारी बारिश के चलते लगामा के पास भूस्खलन होने से उड़ी-बारामुला हाईवे बंद करना पड़ा।

आज कई राज्यों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत 10 से अधिक राज्यों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और 60-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली में रेड अलर्ट

राष्ट्रीय राजधानी में तेज तूफान और ओलावृष्टि को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। अचानक मौसम बदलने से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

उत्तराखंड में बिगड़े हालात

उत्तराखंड में तेज बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ का असर साफ दिख रहा है। देहरादून सहित कई जिलों में पेड़ और बिजली के पोल गिरने से बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित हुई। चमोली के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और निचले क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई, जबकि कुमाऊं में भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित रहा।

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी और नैनीताल समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर अगले दो दिनों तक तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की हवाओं की चेतावनी दी है।

हिमाचल-राजस्थान में नुकसान

हिमाचल प्रदेश में आंधी और बारिश से बागवानी और फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई जगह पेड़ उखड़ गए और मकानों की छतें उड़ गईं।

राजस्थान में धूलभरी आंधी, तूफान और बारिश का दौर जारी है। अजमेर में मकान की छत गिरने की घटना सामने आई, जबकि अलवर में ओलावृष्टि हुई। जयपुर में तेज हवाओं के कारण सड़क पर चलती कार पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ।

उत्तर प्रदेश में हादसे

उत्तर प्रदेश में आंधी-पानी के बीच पेड़ और दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। कई इलाकों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित रही, हालांकि लोगों को गर्मी से राहत मिली।

कश्मीर में हाईवे बंद

उड़ी-बारामुला हाईवे पर भूस्खलन के बाद भारी मलबा जमा हो गया है, जिसे हटाने का काम जारी है। प्रशासन ने यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है। जम्मू के कई हिस्सों में भी धूलभरी आंधी और हल्की बारिश दर्ज की गई।

मनाली-लाहौल में जाम, पर्यटकों की भीड़

हिमाचल के मनाली और लाहौल-स्पीति में वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। कोकसर से ग्रांफू के बीच लंबा जाम लग गया। हालांकि जाम से परेशानी हुई, लेकिन बर्फ देखने पहुंचे पर्यटकों का उत्साह बना रहा। मनाली के होटलों में ऑक्यूपेंसी 75% तक पहुंच गई।

Comments are closed.