मई का महीना आधा गुजरने को है, लेकिन उत्तर भारत में अब तक भीषण गर्मी और लू का असर देखने को नहीं मिला।
इसके उलट मौसम लगातार करवट बदल रहा है। दिल्ली-NCR से लेकर हिमाचल प्रदेश, बिहार और राजस्थान तक अलग-अलग मौसमीय गतिविधियां लोगों को हैरान कर रही हैं। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में बारिश, तेज आंधी और पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-NCR में फिर बदलेगा मौसम
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दिन में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन सोमवार से एक बार फिर मौसम बदल सकता है।
आईएमडी ने सोमवार और मंगलवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम समेत आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहा नया पश्चिमी विक्षोभ इसका कारण बनेगा। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
दिल्ली की हवा फिर ‘मध्यम’ श्रेणी में
बारिश और हवाओं के बावजूद दिल्ली की वायु गुणवत्ता में ज्यादा सुधार नहीं दिख रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक शनिवार शाम चार बजे तक राजधानी का 24 घंटे का औसत AQI 116 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। इससे पहले शुक्रवार को यही आंकड़ा 100 था। एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम (AQEWS) ने अगले कुछ दिनों तक AQI के इसी श्रेणी में बने रहने का अनुमान जताया है।
हिमाचल में बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 12 और 13 मई के लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इन इलाकों में तेज हवाएं, बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 मई से सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी करा सकता है। पिछले 24 घंटों में सराहन में सबसे ज्यादा 25.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि कई अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। केलांग राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार में आंधी-बारिश से तबाही
बिहार में पिछले कई दिनों से तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में तेज तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया है। राज्य सरकार के मुताबिक तेज हवाओं, पेड़ गिरने और बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
बिहार सरकार में मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि शुक्रवार को कई इलाकों में 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चला, जिसने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई। सरकार ने प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया है।
राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी, लू का अलर्ट
जहां उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और ठंडक का असर दिख रहा है, वहीं राजस्थान में आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पश्चिमी हिस्सों में अगले पांच से छह दिनों तक लू चल सकती है।
हालांकि कोटा, उदयपुर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 11 और 12 मई को हल्की बारिश और आंधी के आसार बने हुए हैं। शनिवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान फलौदी में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Comments are closed.