फरीदाबाद में तोड़फोड़ कार्रवाई के विरोध में बवाल, पुलिस पर पथराव; 150 लोगों पर केस

0

फरीदाबाद: नेहरू कॉलोनी में तोड़फोड़ के विरोध के दौरान पुलिस पर पथराव, अज्ञात लोगों पर केस दर्ज

फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी में चल रही तोड़फोड़ कार्रवाई के विरोध के दौरान सड़क जाम और पुलिस पर पथराव किए जाने के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने का दावा किया गया है।

एफआईआर के मुताबिक, 4 जून की शाम करीब 7:30 बजे सूचना मिली थी कि नेहरू कॉलोनी के निवासी पावर हाउस के पास सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाकर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया।

पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान अंधेरा होने पर भीड़ के पीछे मौजूद कुछ लोगों ने अचानक पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। घटना में एक पुलिसकर्मी की छाती और दूसरे के हाथ की अंगुली में चोट आई, जबकि अन्य कर्मियों के भी घायल होने की बात शिकायत में कही गई है।

एफआईआर के अनुसार, पथराव करने वाले लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस का यह भी आरोप है कि जाते समय कुछ लोगों ने कार्रवाई जारी रहने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराने के बाद मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर डबुआ थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

गौरतलब है कि एलिवेटेड रोड और आरआरटीएस कॉरिडोर परियोजना से जुड़े निर्माण कार्य के लिए नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में प्रशासन द्वारा तोड़फोड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कार्रवाई के विरोध में पिछले कुछ दिनों से प्रदर्शन और सड़क जाम की घटनाएं सामने आ रही हैं।

Comments are closed.