पुणे के लोहागढ़ किले में 18 जून को हुई केतन अग्रवाल की मौत ने अब हत्या के मामले का रूप ले लिया है।
मृतक के पिता विशाल देवीचंद अग्रवाल की शिकायत पर 23 जून को लोनावला ग्रामीण पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर हत्या की साजिश रचने और केतन को किले से धक्का देकर मारने का आरोप लगाया गया है।
एफआईआर के मुताबिक, घटना से पहले केतन ने अपने परिवार को बताया था कि सिया का व्यवहार पिछले कुछ समय से बदल गया था। शिकायत में कहा गया है कि वह छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाती थी, अक्सर झगड़ा करती थी और 4 जून को प्रस्तावित लोहागढ़ ट्रिप रद्द होने के बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था। परिवार का आरोप है कि इसी यात्रा को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
17 जून की रात बना ट्रिप का प्लान
एफआईआर के अनुसार, 17 जून की रात सिया ने अपने जन्मदिन का हवाला देकर केतन को व्हाट्सएप कॉल की और लोहागढ़ चलने के लिए मनाया। शिकायत में कहा गया है कि शुरुआत में केतन की मां राखी अग्रवाल ने यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया था, लेकिन सिया ने उनसे सीधे बात कर उन्हें राजी कर लिया।
अगली सुबह, 18 जून को केतन घर से निकले और पुणे-मुंबई हाईवे स्थित किवाले पुल के पास से सिया को साथ लेकर लोहागढ़ किले के लिए रवाना हुए। एफआईआर के मुताबिक, सुबह करीब 10:45 बजे सिया ने केतन की मां को फोन कर बताया कि केतन किले में एक खाई में गिर गए हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल के निरीक्षण के बाद परिवार ने जताया हत्या का शक
शिकायत के अनुसार, 21 जून को केतन के पिता विशाल अग्रवाल, परिवार के अन्य सदस्य और उनके मित्र नवदीप जिंदल व तरुण मित्तल घटनास्थल पर पहुंचे। वहां निरीक्षण करने के बाद उन्होंने दावा किया कि जिस स्थान से केतन गिरे थे, वहां से दुर्घटनावश फिसलने की संभावना बेहद कम थी। इसी आधार पर परिवार ने इसे हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया।
एफआईआर में सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों को नामजद किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों के बीच कथित संबंध थे और केतन उनके रिश्ते में बाधा बन रहे थे। इसी वजह से दोनों ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है और आरोपियों का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
Comments are closed.