महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में आधी रात भूकंप के चार झटके, नांदेड़-हिंगोली-परभणी में दहशत; नुकसान की खबर नहीं
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में गुरुवार तड़के भूकंप के लगातार चार झटके महसूस किए गए। नांदेड़, हिंगोली और परभणी जिलों में धरती कांपने से लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
अधिकारियों के मुताबिक, रात 1:37 बजे से सुबह 3:23 बजे के बीच चार बार भूकंप आया। इन झटकों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 से 4.6 के बीच दर्ज की गई। दो घंटे से भी कम समय में लगातार आए झटकों से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
दो घंटे में चार बार कांपी धरती
पहला और सबसे तेज झटका रात करीब 1:37 बजे सिरली-पांगरा शिंदे गांव के पास महसूस किया गया। भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। तेज कंपन से लोगों की नींद खुल गई और वे एहतियातन घरों से बाहर निकल आए।
इसके बाद दूसरा झटका रात 2:15 बजे ककड़धाबा गांव के पास महसूस हुआ, जिसकी तीव्रता 3.6 दर्ज की गई। तीसरा झटका रात 2:17 बजे और चौथा झटका सुबह 3:23 बजे दर्ज किया गया। लगातार आए झटकों के कारण लोगों में काफी देर तक भय का माहौल बना रहा।
अप्रैल में भी महसूस हुए थे तेज झटके
मराठवाड़ा क्षेत्र में इससे पहले अप्रैल 2026 में भी 4.7 तीव्रता का भूकंप आया था। उस दौरान हिंगोली जिले के पांगरा शिंदे गांव में कुछ घरों और एक सामुदायिक भवन में दरारें पड़ गई थीं। उस भूकंप के झटके नांदेड़, अर्धापुर, हदगांव, हिमायतनगर और परभणी के कई इलाकों में भी महसूस किए गए थे।
Comments are closed.