जम्मू-कश्मीर में बारिश का कहर: कठुआ में बाढ़ से कई गांवों का संपर्क टूटा, हाईवे और वैष्णो देवी यात्रा प्रभावित
जम्मू संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कठुआ जिले में बेला और तरनाह नालों में आई बाढ़ से कई गांवों का संपर्क कट गया है। वहीं, भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ है।
बारिश के कारण श्री माता वैष्णो देवी के बैटरी कार मार्ग को एहतियातन बंद रखा गया है। हालांकि श्रद्धालुओं की यात्रा पुराने मार्ग से जारी है। खराब मौसम की वजह से कटड़ा-सांझीछत हेलीकॉप्टर सेवा भी लगातार प्रभावित हो रही है।
जम्मू में ढहा 80 साल पुराना मकान, बस पलटने से 9 घायल
जम्मू शहर के मल्होत्रा मोहल्ले में भारी बारिश के बाद करीब 80 साल पुराना मकान ढह गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, जम्मू-अखनूर राष्ट्रीय राजमार्ग के मुट्ठी इलाके में बारिश के बीच एक बस पलटने से नौ लोग घायल हो गए।
स्कूल बंद, अस्पताल और स्कूल परिसर में घुसा पानी
डोडा जिले में लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने का फैसला किया। दूसरी ओर, कठुआ के हीरानगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और गर्ल्स हाई स्कूल परिसर में बारिश का पानी भर जाने से मरीजों, छात्रों और कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हाईवे पर मरम्मत, वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी
बारिश के चलते उधमपुर के देवाल और रामबन-बनिहाल के बीच कई स्थानों पर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरम्मत कार्य जारी है। रियासी प्रशासन ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी कर जलभराव वाले इलाकों से बचने, पहाड़ी क्षेत्रों में पत्थर गिरने के खतरे को देखते हुए सतर्क रहने और भारी बारिश के दौरान गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है।
तापमान में राहत, उमस बरकरार
जम्मू में मंगलवार देर रात से शुरू हुई बारिश बुधवार सुबह तक जारी रही। दिनभर हल्के बादलों के बीच गर्मी और उमस बनी रही। जम्मू का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बनिहाल में 26.1, बटोत में 25.1, कटड़ा में 28.2, भद्रवाह में 25.6, श्रीनगर में 25.7, पहलगाम में 20.6 और गुलमर्ग में 18 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
Comments are closed.