रूस का यूक्रेन पर बैलिस्टिक मिसाइलों से बड़ा हमला, कई इलाकों में तबाही; जेलेंस्की की आशंका सही साबित

0

रूस का यूक्रेन पर बड़ा बैलिस्टिक मिसाइल हमला, कीव में कई धमाके; जेलेंस्की की चेतावनी के अगले दिन अटैक

रूस ने गुरुवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से बड़ा हमला किया। हमले के बाद राजधानी के कई हिस्सों में जोरदार धमाके हुए, आग लग गई और धुएं के गुबार उठते दिखाई दिए। हमले के बाद राहत एवं बचाव दल प्रभावित इलाकों में पहुंचकर नुकसान का आकलन और बचाव कार्य में जुट गए।

कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने टेलीग्राम पर बताया कि रूस बैलिस्टिक मिसाइलों से राजधानी को निशाना बना रहा है। उन्होंने लोगों से तुरंत सुरक्षित आश्रय लेने की अपील की। मेयर के मुताबिक, हमले में शहर के कुछ गैर-आवासीय परिसरों में आग लग गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से रॉयटर्स ने बताया कि कीव के अलग-अलग हिस्सों में कई तेज विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। मिसाइल हमलों के कारण पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया।

एक दिन पहले ही जेलेंस्की ने जताई थी आशंका

रूसी हमले से एक दिन पहले ही यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने बड़े हमले की आशंका जताई थी। उन्होंने कहा था कि रूस किसी भी समय बड़े पैमाने पर मिसाइल हमला कर सकता है और यूक्रेन की सुरक्षा उसके सहयोगी देशों द्वारा समय पर वायु रक्षा प्रणालियां उपलब्ध कराने पर निर्भर करेगी।

जेलेंस्की हाल ही में अमेरिका की यात्रा से लौटे हैं। उन्होंने दावा किया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल रक्षा प्रणाली के लिए लाइसेंस देने पर सहमत हो गए हैं। ऐसे में रूस का यह ताजा हमला यूक्रेन की सुरक्षा चुनौतियों को और बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

Comments are closed.