LPG उपभोक्ताओं को राहत: कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में बड़ी कटौती, देखें नए रेट

0

नए महीने की शुरुआत राहत भरी खबर के साथ हुई है। सरकार ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की है।

लगातार दूसरे महीने कमर्शियल सिलेंडर सस्ता हुआ है, जबकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

एएनआई के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 202 रुपये घटाकर 2,728 रुपये कर दी गई है। पहले इसकी कीमत 2,930 रुपये थी। वहीं, कोलकाता में 209 रुपये की कटौती के बाद यह सिलेंडर अब 2,872.50 रुपये में मिलेगा।

बिहार की राजधानी पटना में कमर्शियल सिलेंडर 209 रुपये सस्ता होकर 3,018 रुपये का हो गया है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी इसकी कीमत 192 रुपये घटकर 2,860.50 रुपये रह गई है, जो पहले 3,052.50 रुपये थी।

कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में इस कमी से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कैटरिंग सर्विस और चाय की दुकानों जैसे कारोबारों को सीधा फायदा मिलेगा, क्योंकि इन प्रतिष्ठानों में 19 किलो वाले सिलेंडर का व्यापक इस्तेमाल होता है।

हालांकि, आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल कोई राहत नहीं है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें पहले की तरह ही बरकरार हैं। दिल्ली में इसकी कीमत 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये बनी हुई है।

Comments are closed.