देश के कई राज्यों में बाढ़ और भारी बारिश का कहर, असम में मृतकों की संख्या 85; IMD ने जारी किया अलर्ट
देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। रविवार को असम, केरल, छत्तीसगढ़ और गुजरात में बाढ़, भूस्खलन और जलभराव की घटनाओं ने व्यापक तबाही मचाई। कई लोगों की जान गई है, हजारों घरों को नुकसान पहुंचा है और लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी बारिश और अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की है।
असम में बाढ़ से 85 लोगों की मौत
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, अब तक बाढ़ से 85 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को शिवसागर जिले में तीन और लोगों की जान चली गई। राज्य के पांच जिले—शिवसागर, गोलाघाट, जोरहाट, चराईदेव और धेमाजी—सबसे अधिक प्रभावित हैं।
करीब 349 गांव बाढ़ की चपेट में हैं और लगभग 1.80 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। अकेले शिवसागर जिले में 55 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं। हालांकि रविवार को बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार दर्ज किया गया।
प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में 54 राहत शिविर स्थापित किए हैं, जहां 13,771 लोग शरण लिए हुए हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
केरल में आठ की मौत, आठ लापता
केरल में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन की घटनाओं के कारण आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य अब भी लापता हैं। 13 लोग घायल हुए हैं और कई इलाकों में जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।
राज्य सरकार के अनुसार, 27 घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि 196 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। एहतियात के तौर पर 5,792 लोगों को राज्यभर में बनाए गए 209 राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।
मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आई है, लेकिन विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजस्व मंत्री ए. पी. अनिल कुमार ने बताया कि मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) के अनुसार, शनिवार को राज्य के कुछ इलाकों में 320 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। कन्नूर जिले के अय्यंकुन्नु में सबसे अधिक वर्षा हुई। IMD ने राज्य के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और तिरुवनंतपुरम तथा कोल्लम में येलो अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ में बाढ़ से तबाही
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में बाढ़ से हालात गंभीर बने हुए हैं। बाढ़ में दो लड़कियों की मौत हो गई, जबकि 16 घर पूरी तरह बह गए और 50 से अधिक मकानों को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में बचाव एवं राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।
गुजरात में भी लगातार बारिश
गुजरात के कई हिस्सों में रविवार को मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। राजकोट में सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक 62 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। हालिया बारिश के बाद राज्य में अब तक औसतन 623.29 मिमी बारिश हो चुकी है, जो इस मानसून सीजन की कुल सामान्य वर्षा का लगभग 68.58 प्रतिशत है।
IMD ने जारी की चेतावनी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई है। प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों में लगी हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
Comments are closed.