भारतीय कार्गो जहाज पर हमले का वीडियो आया सामने, आग की लपटों और धुएं से घिरा दिखा शिप

0

लाल सागर क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय ध्वज वाले एक व्यापारिक जहाज पर हुए हमले का वीडियो सामने आया है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात यमन के पश्चिमी तट के पास हुए हमले में जहाज को गंभीर नुकसान पहुंचा और बाद में वह समुद्र में डूब गया। रिपोर्टों के मुताबिक, जहाज पर 13 भारतीय नागरिकों समेत कुल 14 नाविक सवार थे। सभी नाविकों को यमन के तटरक्षक बल ने सुरक्षित बचा लिया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

हमले के तरीके को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आई हैं। शुरुआती रिपोर्टों में प्रोजेक्टाइल से हमले की बात कही गई, जबकि कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि जहाज को विस्फोटकों से लदी नाव ने निशाना बनाया। हालांकि, हमले के कारणों और तरीके को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

प्रारंभिक आशंकाओं के अनुसार, हमले के पीछे हाउती विद्रोहियों का हाथ हो सकता है, लेकिन इस संबंध में संगठन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

विदेश मंत्रालय ने की कड़ी निंदा

भारत के विदेश मंत्रालय ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लाल सागर में व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाया जाना तुरंत बंद होना चाहिए। मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अनुरूप समुद्री व्यापार और नौवहन की स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित की जानी चाहिए।

मंत्रालय ने यमन सरकार द्वारा नाविकों को सुरक्षित बचाने के लिए की गई त्वरित कार्रवाई की सराहना की और बताया कि सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा यमन के अधिकारियों के संपर्क में है, ताकि भारतीय नाविकों की सुरक्षा और आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जा सके।

राहत अभियान चलाकर सभी नाविकों को बचाया गया

समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, यमन की मान्यता प्राप्त सरकार से जुड़े नेशनल रेजिस्टेंट फोर्सेज (NRF) ने बताया कि एमएसवी फैज नूर औलिया नामक जहाज पर हमला हाउती नियंत्रित होदैदाह बंदरगाह से करीब 13 नॉटिकल मील दूर हुआ।

इसके बाद तारेक सालेह के नेतृत्व में तटरक्षक बल और नौसेना ने संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी 14 नाविकों को सुरक्षित निकाला और उन्हें मोखा बंदरगाह पहुंचाया।

सोनोवाल बोले- हमला पूरी तरह अस्वीकार्य

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि निहत्थे व्यापारिक जहाज पर बिना किसी उकसावे के किया गया हमला पूरी तरह अस्वीकार्य है।

उन्होंने कहा कि सभी 14 नाविक सुरक्षित हैं और डायरेक्टर जनरल मैरिटाइम एडमिनिस्ट्रेशन (DGMA) को संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर भारतीय नाविकों की सुरक्षा और हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

लाल सागर और बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य में हाल के महीनों में व्यापारिक जहाजों पर बढ़ते हमलों ने वैश्विक समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति मार्गों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ा दी हैं।

Comments are closed.